बरेली। निजी इंजीनियरिंग कॉलेज की बस को बुधवार दोपहर दबंगों ने बारादरी थाना क्षेत्र में सेटेलाइट बस अड्डे के पास रोक लिया। चालक प्रभात को बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया। बस में सवार छात्र-छात्राओं को भी धमकाया। कॉलेज के ड्राइविंग इंचार्ज अमर सिंह ने एक नामजद और 12 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। घायल चालक आईसीयू में है।
कॉलेज के ड्राइविंग इंचार्ज अमर सिंह ने पुलिस को बताया कि कॉलेज की एक बस बुधवार दोपहर शहर के अलग-अलग स्थानों से छात्र-छात्राओं व स्टाफ को लेकर कॉलेज आ रही थी। बस चालक ने सेटेलाइट बस अड्डे के पास छात्र-छात्राओं को बैठाने के लिए बस को रोका। इसी दौरान सोनू नाम का व्यक्ति धूल आने की बात कहते हुए चालक को गालियां देने लगे। दोनों में तकरार के बाद चालक आगे बढ़ गया।
बस अड्डे से 200 मीटर आगे सोनू ने अपने 10-12 साथियों के साथ बस को रोक लिया। बस में घुसकर चालक को बुरी तरह से पीटा और छात्र-छात्राओं व स्टाफ को धमकाया। बस में सवार कॉलेज स्टाफ के रिकाॅर्ड रूम प्रभारी पवन चंद्र पांडेय समेत लक्ष्मण सिंह मेहता और गुड्डू ने घटना को देखा और वीडियो भी बना लिया। इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।