मिनी बाइपास से झुमका तिराहे तक जाने वाली इसी रोड का होना है चौड़ीकरण
- फोटो : अमर उजाला
बरेली में मिनी बाइपास से झुमका तिराहे तक जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण में अतिक्रमण बाधक बन रहा है। नगर निगम ने 300 कब्जेदारों को नोटिस दिए हैं। अगर दी गई समय सीमा में कब्जे नहीं हटाए गए तो बुलडोजर से कार्रवाई होगी। कुछ लोगों ने पक्षपात का आरोप लगाते हुए इस कार्रवाई पर आपत्ति भी जताई है। उनका कहना है कि नगर निगम अपने चहेते लोगों को बचा रहा है और बाकी लोगों को नोटिस दिए जा रहे हैं।
बरेली में रिंग रोड का निर्माण शुरू हो गया है। यह लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर स्थित झुमका तिराहे से शुरू होकर चौबारी होते हुए शाहजहांपुर रोड तक जाएगी। इस रोड की लंबाई लगभग 29.92 किमी. होगी। रिंग रोड बनने के साथ ही उसे जीरो प्वॉइंट, त्रिशूल तिराहा समेत अन्य सड़कों से जोड़ा जाना है। रामपुर रोड को भी दोनों ओर चार मीटर चौड़ा किया जाना है।
यह भी पढ़ें- यूपी में दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबी काजल व खुशबू, छोटी को डूबता देख बड़ी ने की बचाने की कोशिश; दोनों की मौत
नगर निगम ने कुछ दिन पहले इसका सर्वे कराया तो पता चला कि रोड के दोनों ओर अवैध कब्जे कर सरकारी भूमि पर निर्माण कर लिया गया हैं। सबसे ज्यादा खराब स्थिति विधौलिया से लेकर मथुरापुर तक है। सीबीगंज थाने के पास तो सरकारी भूमि पर पूरी दुकान बनवा ली गई है। बीते दिनों महाकालेश्वर होटल, माहेश्वरी मेडिकल स्टोर, अनिल कुमार, राजा आहूजा साइकिल स्टोर, आयुष गुप्ता, सौरभ गुप्ता आदि को नोटिस भेजकर 17 जनवरी तक कब्जे हटाने की हिदायत दी गई थी।