दंपती के बाद बेटे की भी मौत... शिकायत का समाधान नहीं
पार्षद सतीश कातिब मम्मा ने कर निर्धारण अधिकारी जोन तीन के जोनल अधिकारी राजवीर सिंह को घेरा। अपने वार्ड की भगवान देवी का उदाहरण देकर कहा कि इनके नाम पर जमा किए गए टैक्स को हमेशा भगवान जौहरी के नाम पर दर्ज किया गया। भगवान देवी और उनके पति मोहनदास अपने जीवनकाल में लगातार प्रार्थनापत्र देते रहे पर सुधार नहीं हुआ। उनकी मृत्यु के बाद बेटे ने पैरवी की पर कुछ नहीं हुआ।
डेढ़ साल पहले बेटे की भी मौत हो गई है। अब पुत्रवधू ज्योति और प्रपौत्र संजीव पंजाबी दौड़ रहे हैं। शिकायत का समाधान तो दूर, सही व्यवहार भी नहीं किया जा रहा है। राजवीर सिंह और लिपिक कपिल कुमार ने उनके बेटे के साथ बातचीत में क्या लहजा रखा है। इसकी गवाही ऑडियो रिकॉर्डिंग दे रही है। महापौर ने मुख्य कर निर्धारण अधिकारी को जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए।
ये प्रस्ताव नहीं हो पाए पारित
नगर निगम परिसर के पश्चिम की ओर दुकान संख्या चार और 16 के बराबर वाली थोड़ी सी जगह आवंटित करके राजस्व जुटाने के लिए दो प्रस्ताव रखे गए। दोनों प्रस्ताव कार्यकारिणी ने खारिज कर दिए। एलन क्लब सब्जी मंडी में पीछे की ओर स्वच्छ शौचालय बनाने के प्रस्ताव को आसपास पहले से शौचालय होेने की बात कहकर निरस्त किया गया।
मृतक आश्रित में मनीष की नियमों के विपरीत अनुकंपा नियुक्ति करने और फिर निरस्त करने के मामले का उल्लेख करते हुए उप सभापति नरेंद्र सिंह ने कहा कि ऐसे नौ और प्रकरण हैं, उन्हें भी नियुक्ति दी जाए। कार्यकारिणी ने प्रस्ताव खारिज किया। अपर नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि कोर्ट के आदेश के क्रम में मनीष सेवारत है। महापौर ने कहा कि कोर्ट में पैरवी करें और नियम विरुद्ध तरीके से नियुक्त कर्मचारी के मामले में निर्णय होना चाहिए।
सिविल लाइंस में खाली जमीन पर पार्किंग, शास्त्री मार्केट टूटकर बनेगा
बरेली। सिविल लाइंस में खाली पड़ी अपनी जमीन पर नगर निगम पार्किंग बनाएगा। खस्ताहाल शास्त्री मार्केट को तोड़कर उसके स्थान पर नई मार्केट बनाई जाएगी। परसाखेड़ा की निर्माणाधीन नंदी गोशाला का निर्माण दिसंबर तक पूरा होगा। दिवाली के बाद नगर निगम के अधिकारी स्थलीय निरीक्षण कर आकलन करेंगे। कार्यकारिणी की बैठक में ये सभी निर्णय लिए गए। दिवाली से पहले प्रत्येक वार्ड में 25-25 स्ट्रीट लाइटें लगवाने पर भी सहमति बनी। कलक्ट्रेट के निकट रजिस्ट्री दफ्तर के आसपास पार्किंग न होने से जाम की स्थिति रहती है।
पार्षद सतीश कातिब ने कहा कि राइफल क्लब के पास नगर निगम की जमीन है। यहां पार्किंग बनाई जाए। शास्त्री मार्केट के नए निर्माण के बाद पहले से काबिज दुकानदारों को प्राथमिकता मिलेगी। नया मार्केट कैसा बने? इसे लेकर दुकानदारों से नगर निगम संवाद करेगा। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि मौके पर टीम भेजकर आकलन कराएंगे। बैठक में उप सभापति नरेंद्र सिंह, पार्षद अंजुल, रितिका किशोर, संतोष कश्यप, हरीशंकर, पूनम, मुकेश सिंघल, मोहम्मद गुलबशर, हर्ष कुमारी आदि ने भाग लिया।
अवैध कब्जे और खाली पड़ी सरकारी और नगर निगम की जमीनों को चिह्नित किया जाएगा। दिसंबर 2026 तक एक भी सड़क टूटी हुई नहीं दिखेगी। दिवाली पर शहर को जगमग करेंगे।
- उमेश गौतम, महापौर