लोकसभा चुनाव और राजनीतिक दखल के चलते थम चुका नगर निगम के बुलडोजर का पंजा अब फिर अवैध अतिक्रमण पर झपटने को तैयार है। नया रूट चार्ट तैयार हो चुका है। 16 अप्रैल सोमवार से अभियान फिर शुरू कर दिया जाएगा। इस बार इसकी शुरुआत कुतुबखाना से होगी। पहले दिन कुतुबखाना चौराहे से बासमंडी होकर साहू गोपीनाथ कॉलेज तक बुलडोजर घूमेगा। इसके बाद पहले से चिह्नित अतिक्रमण हटाने की बारी आएगी।
अप्रैल शुरू होते ही नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान थम गया। इस महीने मुख्यमंत्री के पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण के नाम पर भी सिर्फ खानापूर्ति की गई। लिहाजा शहर में चर्चा होने लगी कि लोकसभा चुनाव में वोटों का नुकसान न हो इसलिए राजनीतिक दखल पर निगम का पंजा थम गया है। अमर उजाला ने जब इसका खुलासा किया तो मेयर उमेश गौतम और नगर आयुक्त राजेश श्रीवास्तव ने फिर से अभियान को तेजी से शुरू करने की प्लानिंग बनाई। नगर निगम में मंगलवार और बुधवार को पूरे दिन की कवायद के बाद अभियान का नया रूट चार्ट तैयार कर लिया। इसे नगर आयुक्त की मंजूरी मिलनी बाकी है। सोमवार 16 अप्रैल से अभियान एक बार फिर शुरू होगा। इस बार अभियान की शुरुआत कुतुबखाना से होगी। पहले दिन कुतुबखाना चौराहे से बासमंडी होकर साहू गोपीनाथ कॉलेज तक निगम का बुलडोजर चलेगा।
मैकेनियर रोड और ईंट पजाया चौराहे की भी आई बारी
नगर निगम ने करीब महीने भर पहले मैकेनियर रोड पर करीब डेढ़ दर्जन दुकानें और ईंट पजाया चौराहे पर करीब दो दर्जन अतिक्रमण चिह्नित किए हैं। दोनों ही जगह लाल निशान भी लगाए जा चुके हैं और मुनादी भी हो चुकी है। मगर इसके बावजूद लोगों ने कब्जे नहीं हटाए। दोनों ही जगह सड़क किनारे बनी इन दुकानों के चलते आवागमन बाधित हो रहा है। अब नए रूट चार्ट में सूद धर्मकांटा से तारा टाकीज होते हुए गुलाब राय कॉलेज रोड (मैकेनियर रोड) के लिए 20 अप्रैल और शाहदाना चौराहे से ईंट पजाया चौराहे के लिए 24 अप्रैल की तारीख तय की गई है।
मीरा की पैठ में फिर गरजेगा बुलडोजर
नगर निगम ने मीरा की पैठ में लाल निशान लगाए तो अधिकांश लोगों ने अपने कब्जे खुद ही तोड़ डाले। मगर इसके बावजूद भी कुछ अतिक्रमणकारी जिद पर अड़े हैं। इसके चलते नए रूट चार्ट में मीरा की पैठ से जगतपुर चौराहे को भी शामिल किया गया है। 25 अप्रैल को यहां बुलडोजर चलेगा।
रूट चार्ट
16 अप्रैल : कुतुबखाना चौराहे से बासमंडी होकर साहू गोपीनाथ कॉलेज
17 अप्रैल : अयूब खां चौराहा से नावल्टी चौराहा नौमहला होते हुए किशोर बाजार
18 अप्रैल : बरेली कॉलेज से नावल्टी चौराहा
19 अप्रैल : कुतुबखाना से गली कन्हैया लाल
20 अप्रैल : सूद धर्मकांटा से तारा टाकीज रोड से गुलाबराय रोड
21 अप्रैल : राजेंद्रनगर सी ब्लॉक, डी ब्लॉक
23 अप्रैल : कोहाड़ापीर पेट्रोलपंप से धर्मकांटा रोड
24 अप्रैल : शाहदाना चौराहा से ईंट पजाया चौराहे तक
25 अप्रैल : मीरा की पैठ से जगतपुर चौराहा
26 अप्रैल : सेटेलाइट से बीसलपुर चौराहा
27 अप्रैल : बीसलपुर मोड़ से हरूनगला
28 अप्रैल : ईसाइयों की पुलिया से कटरा चांद खां होकर बालजती स्कूल
30 अप्रैल : श्यामगंज पुलिस चौकी से साहू गोपीनाथ स्कूल तक
01 मई : बाकरगंज खड्ड पर बने अवैध निर्माण
02 मई : श्मशान भूमि फाटक से बाकरगंज चौकी
03 मई : रेशमा हास्पिटल से रहपुरा चौधरी वार्ड 29
04 मई : कुदेशिया ब्रिज के नीचे से मिनी बाईपास मोड़
05 मई : हार्टमन स्कूल से मिनी बाईपास
07 मई : कैंफर स्टेट, महेशपुर मोड़ एवं मथुरापुर मोड़ का अतिक्रमण
08 मई : वार्ड 37 नदोसी में निगम संपत्ति के कब्जे पर कार्रवाई
मिशन मार्केट वालो! कब्जे खुद तोड़ लो वरना चलेगा पंजा
कोर्ट में चल रही मुकदमेबाजी के बीच मिशन मार्केट के व्यापारी बुधवार को मेयर उमेश गौतम से मिले और गुजारिश की कि दुकानों का किराया बढ़ा दिया जाए लेकिन दुकानें न तोड़ी जाएं। इस पर मेयर ने उन्हें दो टूक चेतावनी दी कि वे अपने कब्जे खुद ही हटा लें, वरना निगम की टीम बुलडोजर लेकर पहुंचेगी। कब्जा किसी का छोड़ा नहीं जाएगा।
नगर निगम ने मिशन अस्पताल के बाहर नाले पर व्यापारियों को फड़ लगाने के लिए जगह आवंटित की थी। मगर व्यापारियों ने फड़ की जगह दुकानें बना लीं। उस पर भी हाल यह कि जितनी बड़ी दुकान, उतना ही उसके बाहर कब्जा। पिछले दिनों निगम की टीम वहां कुछ तोड़फोड़ करके आई थी और व्यापारियों को चेतावनी भी दी। इस पर व्यापारी हाईकोर्ट का स्टे दिखाकर कार्रवाई से बच गए। बुधवार को मंजीत सिंह बिट्टू समेत मिशन मार्केट के करीब दर्जन भर व्यापारी मेयर से मिलने नगर निगम पहुंचे। उन लोगों ने कहा कि दुकानों का किराया बढ़ा दिया जाए, वे लोग इसे देने को तैयार हैं। मगर दुकानें न तोड़ी जाएं, उनकी रोजी-रोटी खराब हो जाएगी। इस पर मेयर ने उन्हें चेतावनी दी कि दुकानें सिर्फ उतनी जगह में सीमित रहें, जितना आवंटन हुआ है। बाकी कब्जा खुद ही हटा लो, वरना नगर निगम की टीम जाकर उसे तोड़ देगी।