बरेली। सुभाषनगर पुलिस ने ई-रिक्शा चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से पांच ई-रिक्शा और 40 बैटरी समेत काफी सामान बरामद हुआ है। एसपी सिटी ने मंगलवार को सुभाषनगर थाने में गिरोह का खुलासा किया।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि सुभाषनगर पुलिस सोमवार रात संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। मिलक गांव के रोड पर गश्त के दौरान पुलिस ने ई-रिक्शा से आते दो लोगों को रोका तो वह भागने लगे। पीछा करने पर उन्होंने फायरिंग की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में इनमें से एक के पैर में गोली लग गई। पता लगा कि वह कोतवाली थाना क्षेत्र के सुभाष वाटिका निवासी महेश चंद्र है। पुलिस ने उसके दूसरे साथी को भी पकड़ लिया। वह भी कोतवाली क्षेत्र के बिहारीपुर निवासी रजत बाबू था।
एसपी सिटी ने बताया कि दोनों चोर काफी समय से ई रिक्शा व बैटरी चोरी की घटनाएं कर रहे थे। वह मिलक रोड किनारे बंद पड़े प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्री के पास चोरी का सामान छिपाकर रखते थे। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने पांच ई-रिक्शा, 40 बैटरी, 6 टायर, 5 रिम, 2 स्टेपनी, 2 मोबाइल, 1200 रुपये व तमंचा-कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों पर कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी महेश पर 15 मुकदमे तो रजत पर पांच मुकदमे दर्ज हैं। अमर उजाला ब्यूरो