बदायूं। सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार की अगुवाई में अतिक्रमण हटाओ अभियान गुरुवार को पुरानी चुंगी से दातागंज चुंगी तक चलाया गया। इस दौरान पालिका कर्मचारियों ने जेसीबी की मदद से स्थायी और अस्थायी दोनों ही प्रकार के अतिक्रमण हटवाया तो कुछ अतिक्रमणकारियों ने कार्रवाई से बचने के डर से खुद ही सामान समेट लिया। सिटी मजिस्ट्रेट ने चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार से सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान शुरू किया था। पहले दिन नवादा से पुरानी चुंगी तक अभियान चलाया गया। वहीं दूसरे दिन बुधवार को भाकियू के प्रदेश व्यापी आंदोलन के चलते अभियान एक दिन के लिए रोक दिया गया। इससे अतिक्रमणकारियों ने राहत की सांस ली, लेकिन गुरुवार को सिटी मजिस्ट्रेट की अगुवाई में अतिक्रमण हटाओ अभियान फिर से पुरानी चुंगी से शुरू हुआ, जो दातागंज तिराहे तक चला। इस दौरान नगर पालिका के कर्मचारियों ने जेसीबी की मदद से अतिक्रमण ध्वस्त कराया। इस दौरान अस्थायी अतिक्रमण करने वाले खुद ही अपना सामान हटाने लगे। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि अभियान में किसी प्रकार का पक्षपात नहीं होगा। जिन जगहों से अतिक्रमण हटवाया गया, वहां पर अगर किसी ने दोबारा अतिक्रमण करने का प्रयास किया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।