बरेली। जिले में सरसो के उत्पादन को बढ़ाने पर जोर है। इसके लिए पात्र प्रत्येक किसान को एक एकड़ फसल के लिए दो-दो किग्रा की मिनी बीज किट निशुल्क 25 सितंबर के बाद से बांटे जाएंगे। यह जानकारी जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी ने दी।
उन्होंने बताया कि जिले में 10,400 किसानों को निशुल्क सरसो मिनी किट बांटने का लक्ष्य मिला है। लेकिन, यह लाभ उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिन्होंने 25 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन किया है। किसानों को कृषि विभाग की वेबसाइट Agridarshan.UP.GOV.IN पर विवरण दर्ज करना होगा।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि योजना का प्रचार-प्रसार करने के लिए विभाग के कर्मचारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही ब्लॉकों पर स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार के प्रभारी किसानों को सरसो मिनी किट के संबंध में ऑनलाइन आवेदन करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष विकास खंडों के माध्यम से ऑफलाइन मिनी किट का वितरण किया गया था। उन्होंने बताया कि किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि पिछले वर्ष ऑफलाइन वितरण में कई किसानों ने शिकायतें दर्ज कराई थीं। इसके बाद विभाग इस बार ऑनलाइन पंजीकरण कराने वाले किसानों को ही सरसों बीज की मिनी किट देगा। संवाद