बरेली। लखीमपुर निवासी मजदूर और महिला के नाम से बैंक से ऋण लेकर शातिर गिरोह ने पूरी रकम हड़प ली। इज्जतनगर थाने में पीड़ितों ने अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज कराई है। भोजीपुरा पुलिस चार जालसाजों को गिरफ्तार कर गिरोह का भंड़ाफोड़ पहले ही कर चुकी है। अब इज्जतनगर पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
लखीमपुर खीरी जिले के थाना धौरहरा क्षेत्र निवासी रिंकी देवी और इलाके में रहने वाले मजदूर संजीव ने बताया कि कुछ महीने पहले ऋण दिलाने का झांसा देकर रामनारायण गुप्ता, राकेश गुप्ता, अनिल गुप्ता, रिषभ सक्सेना और आमिर खान ने उनको बरेली बुलाया था। इन्होंने इज्जतनगर क्षेत्र स्थित एक बैंक में उनके खाते खुलवाए। खातो का संचालन अपने पास रखने के लिए उनके डेबिट कार्ड, पासबुक, सिमकार्ड और चेकबुक रख ली। इसके बाद ऋण करवाकर पूरी रकम हड़प ली। एक भी रुपया खाताधारक को नहीं मिला। दोनों की ओर से इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बताया जा रहा है कि पीड़ित और जालसाजों की संख्या बढ़ सकती है।
-
डेलापीर बैंक शाखा के कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध
डेलापीर स्थित एक बैंक में ठगों ने अनपढ़ या कम पढ़े लिखे लोगों के खाते खुलवाए और उनका संचालन अपने हाथ में ले लिया। इसके बाद खाता धारकों के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उन्हें सरकारी कर्मचारी दर्शाया। उनके खाते में प्रतिमाह एक निश्चित समय पर कुछ रकम डाली जिसे उनकी नौकरी का वेतन बताया गया। ऐसा कर आरोपियों ने बैंक से ऋण पास करा लिया। फिर ऋण की रकम खाते से निकालकर उसका बंटवारा कर दिया। पुलिस के मुताबिक चूंकि ऋण करने से पहले बैंक द्वारा जांच पड़ताल की जाती है इसलिए बैंक कर्मचारियों व अधिकारियों की भूमिका भी जांची जाएगी।
नामजद कराए गए आरोपियों में से आमिर उर्फ यामिर को छोड़कर सभी जालसाजों को भोजीपुरा पुलिस ने रविवार को ही गिरफ्तार कर लिया था। वहां इनके खिलाफ इसी तरह का मामला दर्ज किया गया। कोर्ट ने सभी को जेल भेज दिया। गिरोह का कनेक्शन दिल्ली, बिहार से भी जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि बैंक की रकम गबन करने वाले गिरोह की अब इज्जतनगर पुलिस रिमांड लेकर उन्हें अपने यहां दर्ज मामले में भी आरोपी बनाएगी। एएसपी शिवम आशुतोष ने बताया कि पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी करेगी। भविष्य में पुलिस गिरोह के सदस्यों पर गैंगस्टर व संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई कर सकती है।