बहेड़ी। कस्बे के नैनीताल रोड पर बिंद्रा पेट्रोल पंप के सामने रेलवे लाइन के नीचे से जा रही अंडरग्राउंड हाईटेंशन लाइन की केबल में फाॅल्ट हो जाने से 12 घंटे बिजली बाधित रही।
कस्बे का आधे हिस्सा रेलवे लाइन की दूसरी ओर निवास करता है। यहां बिजली आपूर्ति करने के लिए बिजली निगम ने अंडरग्राउंड केबल रेलवे लाइन के नीचे से डाल रखी है। अंडरग्राउंड केबल में बृहस्पतिवार की रात को अचानक फाल्ट हो जाने से बिजली बाधित हो गई। करीब 12 घंटे के बाद अंडरग्राउंड केबल को ठीक करने के बाद बिजली आपूर्ति सुचारू की गई। बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता चमन सिंह ने बताया कि बिजली आपूर्ति अब सुचारू रूप से चालू है। इसके लिए पक्के इंतजाम किए जा रहे हैं। संवाद
दो महीने में फुंके सात ट्रांसफार्मर, गांव अंधेरे में डूबा
मीरगंज। गांव पैगा नगरी में बिजली की समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। बीते दो महीनों में अब तक सात ट्रांसफार्मर जल चुके हैं। बुधवार शाम को तेज आवाज के साथ एक और ट्रांसफार्मर फुंक गया, जिससे गांव रात में अंधेरे में डूब गया। गर्मी और उमस से पहले ही लोग परेशान थे। अब अंधेरे ने उनकी मुसीबतें और बढ़ा दी हैं। रात में बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जेई रामदेव वर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि ट्रांसफार्मर पर लोड ज्यादा हो रहा है। इसी कारण वो बार-बार खराब हो रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही नया ट्रांसफार्मर लगवा दिया जाएगा। संवाद