बरेली। होली पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए बिजली निगम के अभियंता ताकत झोंके हुए हैं, लेकिन व्यवस्था पटरी पर नहीं आ रही। मंगलवार को इंदिरा पार्क और ईंट पजाया चौराहे के पास ट्रांसफाॅर्मरों के केबल में आग लगने से आपूर्ति ठप हो गई। कई स्थानों पर ट्रांसफाॅर्मरों में तेल डालने और लाइनों की मरम्मत के दौरान भी बिजली गुल रही।
रामपुर गार्डन स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय में बनाए गए हेल्प डेस्क पर मंगलवार को भी फॉल्ट और ट्रिपिंग की शिकायत आती रहीं। दोपहर के समय इंदिरा पार्क के पास मोबाइल ट्रांसफाॅर्मर की एलटी लाइन जल गई। इधर, देर शाम ईंट पजाया के पास भी ट्रांसफाॅर्मर के केबल में आग लग गई। ट्रांसपोर्टनगर फीडर पर जंपर बदलने के दौरान एक घंटा तक आपूर्ति बाधित रही। पुरानी जेल रोड पर लोकल फॉल्ट के कारण लोगों को कटौती का सामना करना पड़ा। आवास विकास मार्केट में बंच केबल चलते से तीन घंटा तक बिजली गुल रही।
सुभाषनगर उपकेंद्र के विष्णुधाम कॉलोनी, श्रीपुरम कॉलोनी में भी ट्रिपिंग की समस्या रही। हरुनगला के मंगलम आशीष रायल पार्क में वोल्टेज की समस्या से उपभोक्ता परेशान रहे। संवाद