फतेहगंज पूर्वी। हाईटेंशन (एचटी) लाइन पर टिसुआ के पास खंभे पर लगे क्रॉस आर्म तिरछा होने के कारण स्पार्किंग और अन्य फॉल्ट के कारण फतेहगंज पूर्वी नगर सहित 100 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
लोगों ने बताया कि शुक्रवार रात 11 बजकर दस मिनट पर हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट होने की वजह से अंधरपुरा फीडर से फतेहगंज पूर्वी विद्युत उपकेंद्र पर आने वाली विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। विद्युत निगम के कर्मचारियों ने चेकिंग कर फॉल्ट तलाशने का प्रयास किया। लेकिन फॉल्ट नही मिल पाया।शनिवार सुबह कर्मचारी फॉल्ट तलाशने निकले तो टिसुआ से पहले हाईटेंशन लाइन के खंभे पर लगे क्रॉस आर्म तिरछा होने के कारण स्पार्किंग हो रही थी तो कहीं कुछ और फॉल्ट था। जिसकी वजह से विद्युत आपूर्ति चालू नहीं हो पाई।
इस दौरान बुजुर्गों, महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शनिवार को भी पूरे दिन कोहरा छाया रहा था, जिसके चलते ठंड अधिक थी। घरों में लगे इन्वर्टर, बैटरी डाउन हो गए। पानी के टैंक भी खाली हो गए। घरों व दुकानों में रखे रूम हीटर, ब्लोअर आदि बंद पड़े रहे। अधिकांश लोग घरों में कंबल रजाई में दुबके रहे थे।
शनिवार शाम साढ़े चार बजे विद्युत आपूर्ति बहाल हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली। अवर अभियंता रामसिंह ने बताया कि एचटी लाइन के खंभे पर क्रॉस आर्म तिरछा हो जाने के कारण स्पार्किंग हो रही थी। फॉल्ट को ठीक करवाकर आपूर्ति सुचारू कर दी गई है। संवाद