दुनका। ग्राम पंचायत मलसा खेड़ा में आठ दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। ग्रामीणों को गर्मी से परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने इसके जल्द समाधान की मांग उठाई है।
ग्राम प्रधान मोतीराम वर्मा ने बताया कि जाफरपुर बिजली घर के जेई से कई बार शिकायत की गई। कोई सुनवाई नहीं हुई। 18 अप्रैल 2026 को जेई ने फोन कॉल पर बताया था कि गांव में लाइन बिछाई जा रही है इसलिए बिजली आपूर्ति बाधित है। रविवार को दोबारा फोन कॉल करने पर जेई ने फोन नहीं उठाया। गांव पहुंचे लाइनमैन जगदीश ने ठेकेदार का काम कहते हुए मरम्मत करने से इन्कार कर दिया। ग्रामीणों ने डीएम से जल्द समाधान की मांग की है। गर्मी में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को परेशानी हो रही है। इस बाबत जेई, जाफरपुर संतोष कुमार शर्मा से संपर्क करने किया गया लेकिन कॉल रिसीव नहीं की गई।
ट्रांसफार्मर में आग से अफरा-तफरी
मीरगंज के मढ़ी सत्याना के पास रविवार रात 8:00 बजे ट्रांसफार्मर में आग लग गई। आग लगते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने विद्युत आपूर्ति बंद करके आग बुझाई। समय रहते आग बुझ जाने से बड़ा हादसा टल गया।