बरेली। तीन सौ बेड कोविड हॉस्पिटल में शुक्रवार को करीब ढाई घंटे बिजली गुल रही। दोपहर करीब 12 बजे कई बिजली ढाई बजे के बाद आई। इस दौरान गर्मी से मरीजों का बुरा हाल हो गया। दोपहर का खाना भी उन्हें करीब एक घंटे देर से मिला।
बिजली गुल होने पर भर्ती मरीजों ने हेल्पलाइन नंबर पर फोन किया तो उन्हें आश्वासन दिया गया कि बिजली जल्द आ जाएगी, लेकिन जब एक घंटे तक इंतजार के बाद भी बिजली नहीं आई तो मरीजों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। बिजली न होने से उन्हें लंच भी समय पर नहीं मिला। इस पर भी मरीजों ने नाराजगी जताई। लंच एक घंटा देरी से दोपहर 1:30 बजे मिला। इस संबंध में सीएमएस डॉ. वागीश वैश्य ने बताया कि बिजली गुल होने पर सब स्टेशन से जानकारी ली तो पता चला कि जो इलेक्ट्रीशियन यहां तैनात था, उसे कार्यमुक्त कर दिया गया है। उसकी जगह जो इलेक्ट्रीशियन भेजा गया है उसे अस्पताल की बिजली व्यवस्था के बारे में जानकारी नहीं है। इसलिए लाइन फाल्ट होने पर उसे दूर करने में ज्यादा वक्त लगा। इससे उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।