मीरगंज। दुनका गांव में पिछले पांच दिनों से बिजली न आने के चलते ग्रामीणों का आक्रोश मंगलवार को फूट पड़ा। ग्रामीणों ने बिजली निगम के खिलाफ अर्द्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। जल्द आपूर्ति बहाल न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पिछले पांच दिनों से नागा बाबा की मढ़ी, नूरी मस्जिद और बिहारीपुर रोड पर रखे गए ट्रांसफार्मर खराब पड़े हैं। इस वजह से गांव में बिजली गुल है। शिकायत के बाद भी बिजली निगम के अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे। अधिकारियों की उदासीनता के चलते गांव की करीब 15 हजार आबादी परेशानी झेल रही है।
रात होते ही गांव अंधेरे में डूब जाता है। न तो बच्चों की पढ़ाई हो पा रही है और न ही बिजली के उपकरण चल रहे हैं। मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए भी लोग परेशान हैं। सुनवाई न होने से नाराज ग्रामीण मंगलवार को नागा बाबा की मढ़ी के पास इकट्ठा हुए। उन्होंने जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की।
चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द आपूर्ति बहाल नहीं होती है तो बिजलीघर के बाहर धरना दिया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में तौशीब अहमद, बाबू, मुजीब अहमद, बबलू, जीशान, मेवाराम गुप्ता, कपिल गंगवार, भरत शर्मा आदि शामिल रहे।
गांव में बस एक ही ट्रांसफार्मर खराब है। उसे बदला जा रहा है। लो वोल्टेज की समस्या को दूर करने के प्रयास भी चल रहे हैं। - गिरीश कुमार, अवर अभियंता