उघैती। विद्युत उपकेंद्र उघैती पर आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्य कर रहे संविदा कर्मचारियों ने बीते छह माह से मानदेय न मिलने के कारण विभाग एवं अनुबंधित ओरियन सिक्योरिटी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ नारेबाजी की और अवर अभियंता नेम कुमार बाजपेई को पत्र सौंपकर अतिशीघ्र मानदेय दिलाने की मांग की।
मंगलवार को कर्मचारियों ने जेई को दिए मांग पत्र में कहा कि छह माह से मानदेय न मिलने की वजह से संविदा कर्मचारियों का परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। वे कर्ज लेकर अपने आवश्यक हितों की पूर्ति करने में लगे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि मानदेय जल्द न मिला तो कभी भी काम बंद किया जा सकता है, जिसकी जिम्मेदारी विभाग की होगी। कर्मचारियों ने कंपनी पर इपीएफ एवं इएसआई की कोई जानकारी न देने का आरोप लगाते हुए श्रम विभाग में पंजीकरण एवं प्रमाणित परिचय पत्र के साथ सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग विभागीय नीतियों के अनुसार की। इस दौरान विजयपाल सिंह, वीरपाल सिंह, तेजेंद्र शाक्य, अनिल शर्मा, वीरेंद्र सिंह, नेम पाल सिंह, पदम सहिं, सूरजपाल, मोनू शर्मा, नवल किशोर, अमित चौधरी, नेत्रपाल आदि कर्मचारी मौजूद रहे।