बरेली। निर्माणाधीन रामगंगा पुल की एप्रोच रोड के निर्माण में बिजली के छह खंभे बाधक बने हैं। सेतु निगम को पुल का निर्माण 15 अक्तूबर तक पूरा करना है। लोक निर्माण विभाग ने पोल हटाने के लिए कहा तो पावर कॉरपोरेशन ने 13 लाख रुपये का एस्टीमेट बनाकर भेज दिया है। इस पर पीडब्ल्यूडी अफसरों का कहना है कि पावर कॉरपोरेशन ने ये खंभे पुल का निर्माण शुरू होने के बाद लगाए हैं। ऐसे में वह पोल को उन्हें हटाने के लिए पैसे देने का कोई मतलब नहीं है।
पीडब्ल्यूडी के एसई देवेश कुमार तिवारी ने बताया कि 15 अक्तूबर तक उन्हें नए रामगंगा पुल को चालू करना है। ऐसे में तेजी से काम पूरा कराया जा रहा है। इधर, पुल का निर्माण शुरू होने के काफी दिनों बाद पावर कॉरपोरेशन ने उस जगह छह खंभे लगा दिए, जहां एप्रोच रोड का निर्माण होना है। जब कॉरपोरेशन के अफसरों से पोल हटवाने को कहा तो उन्होंने एस्टीमेट बनाकर भेज दिया है। उनसे कहा गया है कि ये पोल बाद में लगाए गए हैं, लिहाजा कॉरपोरेशन इन्हें अपने खर्चे पर हटवाए। तिवारी ने कहा कि वह इस संबंध में शासन के साथ ही डीएम और कमिश्नर को भी अवगत कराएंगे।