फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिजली पोल से गिरकर संविदा कर्मी की मौत, जाम

Sat, 20 Jun 2015 01:52 AM IST
बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
 शहर में दो अलग अलग स्थानों पर बिजली के खंभों से गिरकर एक संविदा कर्मी की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। इन हादसों से लोगों में आक्रोश भड़क गया और कालीबाड़ी के निकट बरेली कालेज रोड तथा चौकी चौराहा रोड पर जाम लगा दिया। दोनों स्थानों पर करीब आधा-आधा घंटे तक जाम लगाया। बाद में पुलिस के समझाने पर लोग शांत हुए। पूरे घटनाक्रम के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारियों के घटना स्थल पर न पहुंचने के कारण लोगों में जबरदस्त आक्रोश रहा।
विज्ञापन

शुक्रवारको शहदाना और जगतपुर उपकेंद्र के इलाकों में लाइन मरम्मत का काम बिना शट डाउन लिए किया जा रहा था। मिली जानकारी के मुताबिक मीरा की पैठ के पास लाइन पर काम कुछ कनेक्शन जोड़ने और मरम्मत आदि का काम चल रहा था। उपकेंद्र लागबुक के अनुसार लाइनमैन ने अपने नाम से 3.25 बजे शटडाउन लिया और चक निवासी भूरा को खंभे पर चढ़ाया । इसी बीच लाइन चालू हो गई और करंट लगने से भूरा जमीन पर गिरकर वह बेहोश हो गया। घटना स्थल पर भूरा का काफी खून मौके पर बह गया। स्थानीय लोगों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया तो लाइनमैन व अन्य सहयोगी खिसक गए। लोगों ने फोन लगाया पर जेई ने कोई रेस्पांस नहीं दिया। एक्सईएन का फोन भी रिसीव नहीं हुआ। उधर, देर शाम सिद्धी विनायक अस्पताल में उपचार के दौरान  भूरा की मौत हो गई। इस पर घरवालों ने अस्पताल के बाहर सड़क पर जमकर हंगामा काटा और मुआवजे की मांग की।
दसरी ओर शाम चार बजे मोती महल होटल के पास लाइन शिफ्टिंग का काम चल रहा था। यहां बिथरी के गांव आलमपुर निवासी राजेंद्र खंभे पर काम कर रहा था। तभी अचानक उसे करंट लगा और वह नीचे गिर गया। इससे आसपास के लोग एकत्र हो गए। किसी तरह उसे अस्पताल भेजा गया। छानबीन में पता चला कि मोतीमहल की छत पर पांच मोबाइल टावर लगे हैं। किसी ने टावर में पावर सप्लाई के लिए जेनरेटर चालू किया और कटआउट लगा दिया। इससे करंट खंभे की लाइनों पर दौड़ गया। जब लोगों को पता लगा कि होटल संचालक की लापरवाही से हादसा हुआ है तो उन्होंने हंगामा करते हुए रास्ता जाम कर दिया। खबर मिलने पर चौकी प्रभारी शाहमतगंज फोर्स लेकर पहुंचे और भीड़ को हटाया। अधिशासी अभियंता नंदलाल ने कहा कि इस मामले में विभाग थाने में रिपोर्ट कराएगा और होटल की छत पर लगे टावरों की भी जांच होगी।
विज्ञापन


घरवालों ने लगाए आरोप
भूरा की मां नसीम बानो ने बारादरी थाने में तहरीर देकर कहा है कि जेई रामगोपाल राठौर और लाइनमैन मुकेश ने भूरा को बुलाकर हाईटेंशन लाइन पर काम कराया। जेई के कहने पर लाइनमैन ने शटडाउन वापस ले लिया। इससे बेटे की मौत हो गई। उन्होंने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

सूची में नहीं है भूरा
लाइनमैन से अच्छी दोस्ती के चलते भूरा लाइन पर काम करता था। विभागीय अफसरों ने बताया कि भूरा नाम का संविदा कर्मचारी किसी सूची में नहीं है। इससे कैसे काम लिया जा रहा था, यह जांच का विषय है। इस मामले में शहर सपा अध्यक्ष जफर बेग और व्यापारी नेता मोहसिन आलम ने पूरे मामले की मजिस्ट्रेट जांच कराने की मांग की है। दोनों नेता शनिवार को जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे।


वर्जन
मीरा की पैठ और कालीबाड़ी में हुए हादसों की पूरी रिपोर्ट अधिशासी अभियंता से मांगी गई है। मीरा की पैठ में शट डाउन किन परिस्थितियों में लिया गया, इसकी पूरी जांच होगी। इसके बाद दोषियों पर कार्रवाई होगी।- वीके शर्मा, चीफ इंजीनियर
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें