बरेली। भुता थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव में जर्जर बिजली लाइन टूटकर गिरने से हरिओम (22) की मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि लाइन बदलवाने के लिए कई बार उपकेंद्र पर शिकायत की थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। अब बारिश के सीजन में खतरा और भी बढ़ गया है।
गांव निवासी गंगा सिंह ने बताया कि उनका छोटा भाई हरिओम मंगलवार शाम घेर में पशुओं को बांधने जा रहा था। इसी दौरान जर्जर बिजली का केबल टूटकर हरिशंकर के ऊपर गिर गया। इससे हरिओम की मौत हो गई। गांव के लोगों ने कुआंडांडा बिजली उपकेंद्र पर सूचना दी तो आपूर्ति बंद की गई। कुछ देर के बाद उपकेंद्र से लाइनमैन आया और उसने लाइन को काटकर अलग कर दिया।
गंगा सिंह ने बताया कि कई बार जर्जर तारों से चिंगारी निकलती रहती हैं। शिकायत के बाद भी लाइनों को ठीक नहीं कराया जा रहा। हरिओम चार भाई-बहनों में सबसे छोटे थे। उनकी मौत के बाद परिवार में मातम है। गंगा सिंह ने जांच कराकर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और मुआवजा दिलाने की मांग की है। संवाद