Elders will vote at home from today under the supervision of Micro Observer
बरेली। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता पोस्टल बैलट के जरिए मंगलवार से घर पर ही वोट डाल सकेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी वीके सिंह ने बताया कि घरों पर केवल वहीं बुजुर्ग और दिव्यांग वोट डाल सकेंगे, जिन्होंने इसके लिए आवेदन किया है। सोमवार को पोस्टल बैलेट के लिए गठित टीमों को कलक्ट्रेट सभागार में प्रशिक्षण दिया गया।
जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार विधानसभा क्षेत्रवार दो-दो टीमें गठित की गई हैं। इनमें दो मतदान अधिकारी, एक माइक्रो ऑब्जर्वर, एक वीडियोग्राफर और पुलिसकर्मी शामिल रहेंगे। टीम का बीएलओ और सेक्टर मजिस्ट्रेट भी सहयोग करेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी राजनीतिक दल एवं प्रत्याशी संबंधित आरओ से संपर्क कर मतदान की कार्ययोजना जान सकते हैं। प्रत्याशियों का एक-एक एजेंट भी मतदान के दौरान मौजूद रह सकता है।
सभी विधानसभा क्षेत्रों में 80 साल से अधिक आयु के बुुजुर्ग और दिव्यांगों के घर पर मतदान करने की प्रक्रिया 12 फरवरी तक पूरी कर ली जाएगी। बता दें कि बरेली के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में 25321 दिव्यांग मतदाता और 80 पार के बुजुर्ग मतदाताओं की तादाद 46519 है। इनमें से अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र के करीब आठ सौ मतदाताओं ने घर से ही मतदान के लिए आवेदन किया है।
मतदान से 48 घंटे पहले और मतगणना के दिन बंद रहेंगी शराब की सभी दुकानें : विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए चुनाव आयोग से प्राप्त निर्देश के तहत बरेली में मतदान के दिन 14 फरवरी से 48 घंटे पहले शराब, बीयर, भांग आदि की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। साथ ही, दस मार्च को मतगणना के दिन भी ये दुकानें बंद रहेंगी। जिला निर्वाचन अधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने निर्देश का उल्लंघन करने पर संबंधित दुकान संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।