पचौमी गांव में मंगलवार रात 75 वर्षीय ओमवती की घर में ही संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनकी बेटी क्रांति ने अपने छोटे भाइयों बंटू और राकेश पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। हालांकि बाद में परिजनों ने कार्रवाई से इन्कार कर दिया। पुलिस ने बंटू को हिरासत में ले लिया है। शव का पोस्टमाॅर्टम कराया जाएगा।
सीओ संदीप सिंह ने बताया कि बेटी ने पहले हत्या का आरोप लगाया था, लेकिन बाद में पोस्टमाॅर्टम से इन्कार कर दिया। सीओ के अनुसार, छोटे बेटे राकेश उर्फ बंटू से झगड़े के बाद ओमवती की मौत हुई है। ओमवती के पति झम्मनलाल की दो बीघा जमीन उनके तीन बेटों और पत्नी के नाम दर्ज थी। बड़े बेटे राकेश उर्फ कल्लू को ब्लड कैंसर है। उसके इलाज के लिए ओमवती ने चार लाख रुपये में जमीन का सौदा किया था। एक लाख रुपये लेकर एग्रीमेंट भी कर दिया था।
इस सौदे के बाद से परिवार में भाइयों के बीच लगातार झगड़े होते रहते थे। मंगलवार देर शाम ओमवती का मंझला बेटा यशपाल घर पर नहीं था, जबकि छोटा बेटा राकेश उर्फ बंटू रुपयों को लेकर मां से झगड़ा कर रहा था। सीओ ने बताया कि शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं है। मामला सदमे में मौत का लग रहा है, हालांकि पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट से ही असली वजह सामने आएगी।