शीशगढ़। बीमार बेटी को दामाद व बेटी संग देखने जा रहे बुजुर्ग को तेज गति से आ रही कार ने पीछे से टक्कर मार दी। इसमें बाइक पर सवार बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए।
कस्बा निवासी अनवार अपने दामाद रफीक व अविवाहित बेटी सबीन के साथ अपनी बीमार पुत्री को देखने उसकी ससुराल जा रहे थे। शीशगढ़ - धनेटा रोड पर सहोड़ा भट्ठे के पास पीछे से तेज गति से आ रही कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद तीनों बाइक सवार दूर जा गिरे।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार 60 वर्षीय अनवार निवासी अंसारनगर, शीशगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहे उनके दामाद रफीक को सिर, हाथ व सीने में चोट आई हैं। पीछे बैठी अनवार की अविवाहित बेटी को मामूली चोट आई है।
चालक पकड़ा गया
टक्कर लगने के बाद स्कॉर्पियो चालक भागने की फिराक में था, पर सामने से आ रही पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर चालक हरीश गंगवार को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घायलों को कस्बे के एक निजी अस्पताल में इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। संवाद