शेरगढ़। भीषण गर्मी में बिजली ने लोगों की रात की नींद और दिन का चैन छीन लिया है। लोकल फॉल्ट के चलते कई-कई घंटे के लिए बिजली गुल हो जाती है। ट्रिपिंग भी मुसीबत बनी हुई है।
सोमवार को दोपहर के समय कई घंटे के लिए बिजली नहीं आई। इससे पहले रविवार रात भी कटौती से लोगों का बुरा हाल रहा। क्षेत्र के करीब आठ हजार उपभोक्ता इससे प्रभावित हुए। स्थानीय लोगों ने जब कटौती का कारण जानने के लिए बिजलीघर के मोबाइल नंबर पर संपर्क किया तो वहां से लोकल फॉल्ट की वजह से आपूर्ति बंद होने की बात कही गई।
आपूर्ति कब से शुरू होगी इस बारे में कुछ नहीं बताया गया। क्षेत्र के गांव रम्पुरा, नगरिया कलां, रजपुरा आदि के ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो महीने से बिजली आपूर्ति की व्यवस्था पटरी से उतरी हुई है। भीषण गर्मी में चार से पांच घंटे के लिए बिजली गुल हो जाती है। कटौती का कोई वाजिब कारण भी नहीं बताया जाता। उन्होंने तय रोस्टर के अनुसार आपूर्ति करने की मांग की है।
बिजली निगम के अवर अभियंता रामदेव वर्मा का कहना है कि क्षेत्र में कई जगह पेड़ की टहनियां टूटकर लाइन पर गिर गईं। लाइन की मरम्मत के लिए ही शटडाउन लिया गया। उन्होंने बताया कि गर्मी होने की वजह से इन दिनों फॉल्ट ज्यादा हो रहे हैं।