शाही। शादी का झांसा देकर वर पक्ष ने वधू पक्ष से आठ लाख रुपये और लाखों के जेवर हड़प लिए। गोदभराई व तिलक की रस्म कराने के बाद 14 नवंबर को होने वाली शादी से इन्कार कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने वर पक्ष के 13 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में कहा कि उनकी पुत्री की शादी सब्जीपुर खाता गांव निवासी रवि कुमार पुत्र मदन लाल के साथ तय हुई थी। दो माह पहले 15 सितंबर को गोद भराई और तिलक की रस्म दोनों पक्षों के लोगों की मौजूदगी में पूरी की गई थी। इसमें वधू पक्ष के लोगों ने सोने की चेन, अंगूठी व कार खरीदने के लिए आठ लाख नकदी दिए।
27 अक्तूबर को रवि के पिता मदनलाल ने फोन करके शादी करने से मना कर दिया और कहा कि उन्हें दूसरे जगह से ज्यादा दहेज मिल रहा है। इसके बाद वर पक्ष ने जेवर और ली गई रकम को नहीं लौटाया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने रवि कुमार, पिता मदन लाल समेत 13 लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कराया है। थाना अध्यक्ष अमित कुमार बालियान ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद