बरेली के नवाबगंज कस्बे के मोहल्ला गुलशननगर में रविवार को दिन में इको कार के सिलिंडर में घरेलू गैस रिफिलिंग करते समय आग लग गई। इससे रिफिलिंग करने वाला व्यक्ति झुलस गया। साथ ही तीन कारें भी जल गईं। कारों में आग लगते ही मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। टीम ने पड़ोस के घर से 19 घरेलू गैस सिलिंडर बरामद किए।
लोगों ने बताया कि मोहल्ला गुलशन नगर में एक किराना स्टोर के स्वामी वाहनों में गैस रिफिलिंग का कार्य करते हैं। रविवार को भी गैस डलवाने के लिए कई इको कारें वहां पहुंची थीं। वह दोपहर के समय रोड पर ही अपनी दुकान के सामने उनमें गैस रिफिलिंग कर रहे थे। तभी एक कार में आग लग गई। देखते ही पास में दो अन्य कारों में भी आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम ने आग पर काबू पा लिया। इस बीच दुकानदार भी झुलस गया। साथ ही एक पुलिसकर्मी जगवीर सिंह के हाथ भी झुलस गए।
कोतवाली में जमा किए सिलिंडर
गैस रिफिलिंग करने वाले के घर से बरामद किए गए सभी 19 सिलिंडरों को कोतवाली पुलिस लाकर जमा कर दिया गया है। इस मामले में समाचार लिखे जाने तक किसी के खिलाफ कोई भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।