एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने लॉ की तर्ज पर स्नातक और स्नातकोत्तर परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं की कोडिंग कराने का फैसला किया है। मूल्यांकन में पारदर्शिता के लिए ऐसा किया जा रहा है। शनिवार को हुई केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक में कुलसचिव एके सिंह ने कोडिंग वाली कापियों से ही परीक्षाएं कराने के निर्देश दिए। कहा कि कोडिंग वाली कापी 34 पेज की है, इसका उपयोग किया जाए और केन्द्र पर पिछले साल की बची बिना कोडिंग की 24 पेज की कापियां प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराने के काम में लें।
विश्वविद्यालय के शिक्षाशास्त्र विभाग के सभागार में हुई बैठक में मौजूद रहे कई जिलों के केंद्र व्यवस्थापकों को कुलसचिव ने बताया कि दो से चार मार्च के बीच सभी केंद्रों पर पेपर पहुंच जाएंगे। उन्हें सुरक्षा में रखवाएं और जहां चार तक नहीं पहुंचें, पांच मार्च को उन्हें सूचित जरूर किया जाए। कुलसचिव ने कहा कि परीक्षा सामग्री और परीक्षार्थियों के प्रवेशपत्रों को डाउनलोड करने के लिए कंटिनजेंसी फंड बढ़ा दिया गया है। वास्तविक बिल उपलब्ध कराने पर उसका भुगतान किया जाएगा। कोशिश होगी कि आधा पैसा चार मार्च तक उपलब्ध करा दिया जाए। उन्होंने बताया कि प्रत्येक कॉलेज को विश्वविद्यालय की तरह से एक ईमेल आईडी बनाई गई है। इसका यूजर नेम और पासवर्ड हासिल कर लिया जाए। यह आइडी हमेशा के लिए होगी। इस ईमेल आईडी पर ही विश्वविद्यालय की ओर से हर कॉलेज को नियमित सूचनाओं का आदानप्रदान किया जाएगा।
आज से डाउनलोड होंगे प्रवेशपत्र
कुलसचिव ने केंद्र व्यवस्थापकों को बताया कि प्रवेशपत्र बनने में कुछ समय लगा लेकिन रविवार से वह डाउनलोड होने लगेंगे। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों की सूची भी वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी। बता दें कि विश्वविद्यालय ने अब तक केंद्रों की सूची वेबसाइट पर प्रदर्शित नहीं की है। माना जा रहा है कि उसमें ऐन मौके पर भी कोई रद्दो बदल किया जा सकता है।