सीबीएसई 12 वीं की परीक्षा में पीसीएम ग्रुप के छात्रों ने मैथ्स और कंप्यूटर के सहारे नंबरों की ऊंची उड़ान भरी है। इन दोनों विषयों में 99 तक नंबर पाने वाले जिले की टॉप टेन लिस्ट में शामिल होने में कामयाब रहे हैं। हालांकि अंग्रेजी मीडियम के इन विद्यार्थियों ने अंग्रेजी में ही कम नंबर पाए हैं। जिले में टॉप करने वाले जीआरएम के अर्चित कुमार सक्सेना ने कंप्यूटर और मैथ्स में तो 99-99 नंबर पाए हैं लेकिन अंग्रेजी विषय में उन्हें सिर्फ 95 नंबर ही मिल सके हैं। यही स्थित दूसरी टॉपर सोनल चतुर्वेदी और तीसरे टॉपर अमन गंगवार की है। वह दोनों भी अंग्रेजी में सिर्फ 95 नंबर पर सिमट गए हैं लेकिन कंप्यूटर में इन्हें भी 99 नंबर मिले हैं। वैसे, टॉपरों के साथ अच्छा यह हुआ है कि उन्हें साइंस और कंप्यूटर के प्रेक्टिकल में काफी अच्छे नंबर मिले हैं। हालांकि मैथ में ज्यादा नंबर आने से स्टूडेंट्स खुद आश्चर्यचकित हैं। वजह यह है कि इस बार मैथ के पेपर में कई सवाल घुमाफिराकर और लंबे आए थे, जो ज्यादातर स्टूडेंट्स की समझ में नहीं आए लेकिन जो उन्हें समझकर कर आए, वह ज्यादा नंबर पा गए। अंग्रेजी में कम नंबरों के सवाल पर बिशप कॉनराड सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल फादर ग्रेगरी का कहना है कि अंग्रेजी का पेपर लैंग्वेज और ग्रामर पर निर्भर करता है, जिससे परीक्षार्थी उलझ जाते हैं। कंप्यूटर में ज्यादा नंबरों के पीछे प्रेक्टिकल भी एक कारण है।
फोटो...
लड़कियों ने फिर लहराया परचम
सीबीएसई 12 वीं में लड़कियों ने लड़कों से भी आगे निकलकर दिखा दिया है। ओवरआल रिजल्ट में लड़कियां बहुत आगे हैं। सोनल चतुर्वेदी ने जिले में दूसरा स्थान पाया है तो भव्या रखेजा चौथे, नंदिनी छठे, मेघा पंत, रितु चौधरी सातवें, प्रज्ञा गुप्ता आठवें, हिमांशी गोयल नवें और, कशिका यादव तथा खुशी 10 वें स्थान पर रही हैं। कामर्स ग्रुप में न सिर्फ विधि अग्रवाल ने टॉप किया है बल्कि इस ग्रुप में देव्यांशी, प्रियांगी, स्तुति और सलोनी ऊपर हैं। पीसीबी ग्रुप के टॉपर्स में भी तान्या ने स्थान पाया है।
100 फीसदी रिजल्ट, चार हजार पास
बरेली। जिले में सीबीएसई 12 वीं का रिजल्ट शत-प्रतिशत रहा। सारे कॉलेजों में लगभग चार हजार विद्यार्थियों ने यह परीक्षा उत्तीर्ण की। इनमें 1800 छात्राएं हैं। जीआरएम में 274, बिशप कॉनराड में 190, राधामाधव में 160 बच्चे शामिल हुए थे। इस तरह लगभग 20 कॉलेजों में विद्यार्थियों की संख्या अच्छी-खासी रही।