बरेली कॉलेज में शुक्रवार को सब ठीक हो गया। पहली पाली की परीक्षा के बहिष्कार के बाद बुलाई गई शिक्षक संघ की आमसभा में प्राचार्य डॉ. सोमेश यादव ने किसी भी शिक्षक या कर्मचारी के साथ भविष्य में अभद्रता पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देते हुए सुझाव दिया कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सदन नियम तय कर ले। उन्हें मान लिया जाएगा। इसके बाद शिक्षक मान गए और शाम की पाली की परीक्षा कराई।
आमसभा में शिक्षकों ने भविष्य में अभद्रता पर तत्काल एफआईआर कराने प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया। यह भी तय किया कि ऐसे मामलों में कॉलेज ही भुक्तभोगी के लिए वैधानिक लड़ाई लड़ेगा। प्राचार्य ने बताया कि वह यह प्रस्ताव कॉलेज बोर्ड के समक्ष रखेंगे। आम सभा में शिक्षकों की मांग पर प्राचार्य ने शिक्षिका डॉ. क्षमा द्विवेदी से अभद्रता के मामले में समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष हृदेश यादव के खिलाफ बारादरी थाने में दर्ज एफआईआर की कापी भी दिखाकर शिक्षकों को कार्रवाई से संतुष्ट भी किया। पहले सुबह लगभग छह बजे सारे स्थाई शिक्षक कॉलेज के परीक्षा कंट्रोल रूम के बाहर जुट गए थे। प्राचार्य डॉ. सोमेश शिक्षकों से परीक्षा कराने का अनुरोध किया लेकिन दूसरे गुट के चार शिक्षकों को छोड़कर कोई भी परीक्षा कराने के लिए राजी नहीं हुआ। प्राचार्य ने अस्थाई तथा बाहरी शिक्षकों (ओटीएस) से परीक्षा कराई। शाम की परीक्षा सात हजार से ज्यादा परीक्षार्थियों की थी इसलिए उसे ठीकठाक ढंग से कराने के लिए प्राचार्य को स्थाई शिक्षकों से असहयोग का निर्णय वापस लेने का अनुरोध करना पड़ा। शिक्षक संघ के महामंत्री डॉ. वीपी सिंह ने कहा कि परीक्षा बहिष्कार इसलिए किया गया क्योंकि प्राचार्य ने भविष्य में अपमान की घटनाओं को रोकने के लिए कारगर उपाय करने पर कोई आश्वासन नहीं दिया था।
कुछ छात्र कापियां ले जाने लगे
सुबह की पाली में पर्यावरण विज्ञान का केवल 1800 परीक्षार्थियों को पेपर था इसलिए वह ठीक से निपट गया। हालांकि कुछ परीक्षार्थी एक घंटे के अंदर ही परीक्षा खत्म करने के बाद कापियां साथ ले जाने लगे जिन्हें गेट पर रोका गया।
इंसेट...
डॉ. क्षमा का माफी से इंकार
आम सभा में फिर से हृदेश यादव को माफी के लिए बाकायदा प्रस्ताव एक शिक्षक ने रखा। उस पर शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि अगर डॉ. क्षमा चाहें तो उनको माफी पर कोई एतराज नहीं होगा लेकिन जब क्षमा द्विवेदी से पूछा गया तो उन्होंने अपने स्तर से माफी की बात से इंकार कर दिया। कहा कि यह मुद्दा सारे शिक्षकों से जुड़ा है, आम सभा में मौजूद सारे शिक्षक माफी देना चाहें तो उनको कोई एतराज नहीं होगा लेकिन सारे शिक्षकों से एक स्वर में इससे इंकार कर दिया।
प्रॉक्टोरियल बोर्ड के लिए नाम भी मांगे
प्राचार्य डॉ. सोमेश ने आम सभा से प्रॉक्टोरियल बोर्ड और चीफ प्रॉक्टर के लिए नाम भी मांगे। कहा कि सारे शिक्षक जिन्हें चाहें, वह उनको प्रॉक्टोरियल बोर्ड में रखने को तैयार हैं। ऐसे शिक्षकों के नाम उनको बता दिए जाएं।