बरेली। कक्षाएं शुरू होने के बाद विश्वविद्यालय कैंपस में छात्रों में गुटबाजी और टकराव की घटनाएं सामने आने लगी हैं। मगर विश्वविद्यालय प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। बुधवार को छात्र गुटों में कैंपस के बाद निजी हॉस्टल में हुई मारपीट का मामला बारादरी पुलिस ने तहरीर मिलने के बावजूद ठंडे बस्ते में डाल दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले में जांच शुरू कराते हुए आरोपी छात्रों को सस्पेंड करने की बात कही है।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय में बुधवार को शिक्षक दिवस के रिहर्सल के दौरान इंजीनियरिंग विभाग में दूसरे विभाग के छात्र पहुंच गए थे। उन्होंने डांस कर रही छात्राओं पर टिप्पणी की तो विवाद और मारपीट हो गई। रिहर्सल करने वाले कुछ छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय गेट के सामने चंद्रा हॉस्टल में भी रहते हैं। बुधवार को ही अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे छात्राओं से हूटिंग करने वाले छात्र कुछ अन्य साथियों के साथ चंद्रा हॉस्टल पहुंच गए। वहां इन लोगों ने अभिषेक सिंह और आकाश गौतम समेत चार-पांच छात्रों को मारपीट कर घायल कर दिया। मामले में अभिषेक सिंह ने थाना बारादरी में तहरीर दी लेकिन पुलिस ने तहरीर न मिलने की बात कहकर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया।
पुराने विवाद ठंडे बस्ते में
विश्वविद्यालय प्रशासन के लापरवाहीपूर्ण रवैया के चलते कैंपस में आए दिन टकराव की नौबत आ रही है। पिछले दिनों कैंपस में ही हॉस्टल के सामने जूनियर और सीनियर छात्रों में विवाद हुआ था। इसके बाद जन्माष्टमी पर मटकी फोड़ने को लेकर भी मारपीट हुई फिर परिचय लेने को लेकर टकराव की स्थिति बनी। इनमें से किसी मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इंजीनियरिंग में छात्रों के बीच विवाद के मामले में जांच कराई जाएगी। जिन छात्रों की गड़बड़ी सामने आएगी, उन्हें सस्पेंड किया जाएगा।
- प्रो. एके जैतली, चीफ वार्डेन, रुहेलखंड विश्वविद्यालय