बरेली। बीएड की प्रवेश प्रक्रिया सोमवार 15 जुलाई को पूरी हो चुकी है। इसके साथ ही रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने गरीब सवर्णों के लिए आरक्षण लागू करने की तैयारी शुरू दी है। इसके तहत बढ़ने वाली 20 हजार से अधिक सीटों पर एडमिशन प्रक्रिया को लेकर प्लानिंग शुरू कर दी गई है। अब शासन से एडमिशन की तिथि आगे बढ़ाने और गाइडलाइंस का इंतजार किया जा रहा है।
बीएड प्रवेश परीक्षा के राज्य समन्वयक प्रो. बीआर कुकरेती ने बताया कि एडमिशन प्रक्रिया की तिथि आगे बढ़ाने के लिए शासन की अनुमति का इंतजार है। साथ ही गरीब सवर्णों के लिए आरक्षण लागू करने को लेकर प्लानिंग शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इसे बीएलएड, बीपीएड और एमएड में भी लागू किया जाएगा। बीएलएड की काउंसलिंग इस समय चल रही है, इसलिए बीएलएड के लिए बाद में प्लानिंग की जाएगी। मगर बीपीएड और एमएड में अन्य काउंसलिंग के साथ ही इसे लागू कर दिया जाएगा।
बीएड में खाली रह गईं करीब दो हजार सीटें
रुहेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा संचालित बीएड प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। निजी कॉलेजों में सीधे एडमिशन के बावजूद करीब दो हजार सीटें खाली रह गई हैं। बता दें कि इस बार बीएड की प्रवेश परीक्षा में पांच लाख से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इसके बाद करीब 2.10 लाख सीटों के लिए तीन चरणों में काउंसलिंग और फिर सीधे प्रवेश लिए गए थे। बावजूद इसके लगभग दो हजार सीटें खाली रह गई हैं।