बरेली। वेबसाइट की गड़बड़ी के चलते बीएड की पूल काउंसलिंग के तमाम अभ्यर्थी रविवार को अपना कॉलेज आवंटनपत्र डाउनलोड नहीं कर सके। इसके चलते खाली सीटों का सही आकलन न होने से उन पर एडमिशन को लेकर भी निर्णय नहीं हो सका।
इस बार बीएड की राज्य स्तरीय प्रवेश प्रक्रिया कराने की जिम्मेदारी रुहेलखंड विश्वविद्यालय को दी गई है। पूल काउंसलिंग के रजिस्ट्रेशन और फीस जमा करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रविवार से उनके कॉलेज आवंटनपत्र डाउनलोड होने थे। मगर पहले ही दिन बीएड की वेबसाइट दगा दे गई, जिसके चलते तमाम अभ्यर्थी कॉलेज आवंटनपत्र डाउनलोड नहीं कर सके। राज्य समन्वयक प्रो. बीआर कुकरेती का कहना है कि यह अभ्यर्थी सोमवार को भी कॉलेज आवंटन पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। वहीं, वेबसाइट की दिक्कत के चलते खाली सीटों का आकलन भी नहीं हो सका, जिसके चलते इन्हें भरने को लेकर भी कोई निर्णय नहीं हो सका है। बता दें कि बीएड की पहली काउंसलिंग में करीब 67 हजार 500, दूसरी काउंसलिंग में 65 हजार 500 और पूल काउंसलिंग में करीब 55 हजार सीटें भरी हैं। मगर सारे अभ्यर्थियों के कॉलेज आवंटनपत्र डाउनलोड न होने के चलते खाली सीटों की सही स्थिति अब तक सामने नहीं आ सकी है। इसके चलते इन सीटों पर एडमिशन को लेकर सोमवार तक निर्णय होने की संभावना है।