इस बार आठ अंकों का रोल नंबर लेकिन ओएमआर शीट सिर्फ सात खानों की
बोर्ड का सुझाव- पहला नंबर पहले खाने से पहले ही गोला बनाकर लिखें
बरेली। सीबीएसई के परीक्षार्थियों को इस बार परीक्षा के दौरान अपनी कॉपी में रोल नंबर भरने में खासी परेशानी आ सकती है। कारण यह है कि उन्हें जो रोल नंबर जारी हुए हैं, वह तो आठ अंकों के हैं लेकिन ओएमआर शीट पर सिर्फ सात अंक भरने के लिए बॉक्स प्रिंट हो गए हैं। मंगलवार को सभी सीबीएसई स्कूलों के प्रिंसिपल को एक ट्रेनिंग देकर बताया गया कि वे सभी परीक्षार्थियों को इस संबंध में पहले से जागरूक कर दें ताकि परीक्षा में उन्हें किसी तरह की कोई परेशानी न हो।
डीपीएस प्रिंसिपल वीके मिश्रा ने बताया कि सभी परीक्षार्थियों को उत्तर पुस्तिका में अपना रोल नंबर भरने में सावधानी बरतनी होगी। 10वीं व 12वीं का रोल नंबर ‘एक’ अथवा ‘दो’ अंक से शुरू होगा। इस बार रोल नंबर सात के बजाय आठ अंकों के होंगे। हालांकि उत्तर पुस्तिका में सात अंक भरने का ही स्थान होगा। इसलिए परीक्षार्थी उत्तर पुस्तिका में रोल नंबर भरने के दौरान रोल नंबर के शुरुआती अंक ‘एक’ या ‘दो’ को बॉक्स के बाहर लिखें और लिखे अंक के नीचे पहली अथवा दूसरी लाइन में एक डार्क गोला भी बना दें।
यह भी ध्यान रखें परीक्षार्थी
किसी भी तरह से नकल करते पकड़े जाने पर आवेदन रद्द हो जाएगा। सोशल मीडिया पर पेपर लीक होने के मैसेज या वीडियो पर विश्वास न करें। पेपर लीक होने संबंधी किसी संदेश को सोशल मीडिया पर साझा भी न करें। किसी भी तरह की अफ वाह पर न विश्वास करें न ही उसे फैलाएं। सीबीएसई सोशल मीडिया पर ऐसे संदेशों को चिन्हित कर एफ आईआर दर्ज कराएगी। सीबीएसई ऐसे फेक लिंक की सूची भी वेबसाइट पर जारी करेगा।