समाजवादी छात्रसभा ने दिया ज्ञापन, प्राइवेट फार्म फारवर्ड करने में अवैध वसूली के लगाए आरोप
बरेली। समाजवादी छात्रसभा के पदाधिकारियों ने उर्दू का पेपर जुमे के दिन पड़ने का हवाला देते हुए उसे आगे बढ़ाने की मांग की है। कुलपति प्रो. अनिल शुक्ल को दिए ज्ञापन में उन्होंने निजी कॉलेजों पर प्राइवेट छात्रों के फार्म फारवर्ड करने के दौरान अवैध वसूली के भी आरोप लगाए।
कुलपति से मिले छात्रों ने कहा 28 फरवरी को जुमे के दिन बीए द्वितीय वर्ष उर्दू का पेपर पड़ रहा है। उर्दू का पेपर देने वालों में तमाम मौलाना भी शामिल होते हैं। उनके पास अपनी पढ़ाई के अलावा मस्जिद में नमाज पढ़ाने की जिम्मेदारी होती है। इस दिन उर्दू की परीक्षा होने से यह मौलाना नमाज नहीं पढ़ा सकेंगे। मुस्लिम समाज में जुमे की नमाज का विशेष महत्व है। ऐसे में इस परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया जाए। पूर्व में भी शुक्रवार के दिन द्वितीय पाली में पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न दो बजे तक छुट्टी रहती थी। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तमाम कॉलेज प्राइवेट छात्रों से फार्म फारवर्ड करने के लिए अवैध वसूली कर रहे हैं। इस पर कुलपति ने जांच का आश्वासन दिया। वहीं, परीक्षा के संबंध में परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार सिंह को समीक्षा कर बदलाव के निर्देश दिए। ज्ञापन देने वालों में सछास के पूर्व महानगर अध्यक्ष फैज मोहम्मद, अवनीश यादव, इमरान खान, मो. आसिफ, यूनुस गाजी, दामोदर सिंह, शाहरुख अंसारी आदि मौजूद रहे।