आनलाइन परीक्षा फार्म भरने के पूर्व छात्रों के नामों का मिलान करने के लिए की जा रही कवायद
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने अपने संबद्ध कालेजों और फैकल्टी से आनलाइन परीक्षा फार्म भरने और इसमें छात्रों के नामों का मिलान करने के लिए प्रवेश परीक्षा से लिए गए दाखिलों की सूची मांगी है। इस सूची के आधार पर परीक्षा फार्मों का वैरीफिकेशन किया जाएगा।
परीक्षा नियंत्रक संजीव सिंह की ओर से सभी फैकल्टी हेड और संबंधित कालेजों को जारी पत्र में कहा गया कि बीएलएड, बीपीएड, बीएससी (नर्सिंग), एमएड प्रथम वर्ष का परीक्षा फार्म आनलाइन भरवाया जाना है। फैकल्टी हेड और प्राचार्य संस्थान में संचालित संबंधित पाठ्यक्रमों में प्रथम वर्ष में काउंसलिंग या प्रवेश परीक्षा के माध्यम से लिए गए प्रवेश की सूची तैयार कर लें। इस सूची को परीक्षा प्रकोष्ठ से सत्यापित कराकर 16 जनवरी तक परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में उपलब्ध कराएं। सूची में कॉलेज या फैकल्टी का नाम, कॉलेज कोड, प्रवेश परीक्षा का रोल नंबर, छात्र का नाम और उसके पिता का नाम लिखा होना चाहिए। परीक्षा नियंत्रक संजीव सिंह ने बताया कि वार्षिक परीक्षा के फार्म आनलाइन भरे जाने हैं। इसके पूर्व सभी संकायाध्यक्षों और संबद्ध कालेजों के प्राचार्य से यह सूची उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि सूची के अनुरूप ही परीक्षा फार्मों का मिलान कराया जा सके।