जंक्शन पर सोमवार को महिला ने पति पर चाकू से किया था हमला
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया, बुधवार को भेजा जाएगा जेल
बरेली। जीआरपी ने पति पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाली महिला और उसके ममेरे देवर के खिलाफ हत्या की कोशिश की रिपोर्ट दर्ज की है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को उन्हें जेल भेजा जाएगा।
शाहजहांपुर निवासी पंकज पर सोमवार को जंक्शन पर उसकी पत्नी सरिता ने चाकू से जानलेवा हमला किया था। पंकज का ममेरा भाई गौरवान्वित भी सरिता के साथ मौजूद था। पंकज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंगलवार को पंकज के बड़े भाई ओंकार ने बरेली पहुंचकर जीआरपी थाने में पंकज की पत्नी सरिता और ममेरे भाई गौरवान्वित के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई। ओंकार ने बताया कि सरिता चार महीने से पंकज को छोड़कर गौरवान्वित के साथ रह रही है। पंकज सरिता को खोज रहा था। 23 दिसंबर को पता चला कि सरिता बरेली आई है तो पंकज भी बरेली पहुंच गया। पंकज को देखते ही सरिता और गौरवान्वित ने चाकू से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इधर, सरिता का कहना है कि वह दिल्ली में रहती है। उसकी ससुराल शाहजहांपुर में है। पति पंकज ऑटो ड्राइवर है। उसकी शादी को 12 साल से हो चुके हैं। करीब छह महीने से पति पंकज ने उसे मारना पीटना शुरू कर दिया तो उसने पंकज का घर छोड़ दिया। पंकज के ममेरे भाई गौरवान्वित ने उसे सहारा दिया, इसलिए पंकज उससे रंजिश मानने लगा। उसने पंकज से तलाक के लिए भी मुकदमा कर दिया है। सोमवार को वह तारीख पर बरेली आई थी। जंक्शन पर पंकज ने चाकू निकालकर गौरवान्वित पर हमला किया, लेकिन उसने चाकू छीनकर पंकज पर वार कर दिया। जीआरपी इंस्पेक्टर कृष्ण अवतार ने बताया कि सरिता और गौरवान्वित के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।