सभी वार्डनोें को पत्र लिखकर दिए निर्देश
बरेली। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर पिछले कुछ दिनों से जारी विरोध प्रदर्शन और बलवे आदि के बीच रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने अपने हॉस्टलों को खाली कराना शुरू कर दिया है। इसके तहत शुक्रवार को सभी हॉस्टलों के वार्डनों को पत्र भेजकर इसकी सूचना दे दी गई। बताया जाता है कि सभी हॉस्टल दो दिनों के अंदर खाली होने शुरू हो जाएंगे।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को विश्वविद्यालय के चीफ वार्डेन की ओर से सभी हॉस्टलों के वार्डन को पत्र भेजा गया, जिसमें कहा गया है कि छात्रावासों के वे विद्यार्थी जिनकी सेमेस्टर प्रथम व तृतीय की परीक्षाएं पूर्ण हो गई हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से उनके घर भेज दिया जाए। सूत्रों के अनुसार पिछले दिनों दिल्ली के जामिया मिलिया समेत कई विश्वविद्यालयों में एनआरसी और नागरिकता संशोधन कानून को लेकर हुए उपद्रव को देखते हुए विश्वविद्यालय अतिरिक्त एहतियात बरत रहा है। इसे देखते हुए परीक्षाएं दे चुके सभी छात्रों को उनके घर भेजा जा रहा है। इसके बाद बाकी बचे छात्रों को भी जल्द ही उनके घर भेज दिया जाएगा।
हॉस्टल गतिविधि पर एलआईयू की नजर
हॉस्टल की गतिविधियों को लेकर लोकल इंटेलिजेंस यूनिट भी सक्रिय है। वह विश्वविद्यालय के सुरक्षा स्टॉफ के साथ हॉस्टल के उपद्रवी छात्रों पर नजर बनाए हुए है। यही नहीं विश्वविद्यालय के हॉस्टलों में आने जाने वाले हर लड़के पर नजर रखी जा रही है और उनसे पूछताछ भी की जा रही है। विश्वविद्यालय से सटे गांवों में जाने के लिए पैदल पथ को भी बंद कर दिया गया है। ग्रामीणों को मुख्य मार्ग से ही उनके गांवों में जाने कोे कहा जा रहा है।