इंटरनेट सेवा ठप होने का बैंकिंग और एटीएम सेवा पर नहीं पड़ा असर
बरेली। नागरिकता कानून को लेकर माहौल बिगड़ने की आशंका को देखते हुए शुक्रवार को इंटरनेट सेवाएं बंद थीं लेकिन बैंकिंग सेवाओं पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। बैंकों की अपनी इंटरनेट लाइनें होने से बैंकिंग और एटीएम सेवा यथावत रहीं, लेकिन अन्य दिनों के मुकाबले ग्राहकों की संख्या काफी कम रही। बैंक अधिकारियों का कहना है कि शुक्रवार को केवल 50 फीसदी कम लेनदेन हुआ। दोपहर बाद ग्राहकों का आना तो लगभग बंद हो गया।
देशभर में नागरिकता कानून को लेकर विरोध की स्थिति को देखते हुए शासन के निर्देश पर प्रशासन ने यहां इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया है। इससे बैंकिंग सेवाओं पर भी असर पड़ने की संभावना था लेकिन बैंकों की अपनी अलग इंटरनेट लाइनें होने से उनके कामकाज पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। हर दिन की तरह शुक्रवार को भी बैंक सेवाएं सामान्य तौर से चलती है। हालांकि व्हाट्सएप न चलने से हेडक्वार्टर से आने वाले मेसेज न मिलने से कुछ परेशानी जरूर हुई। कचहरी के पास एसबीआई के चीफ मैनेजर टीसी आर्या ने बताया, ‘बैंकों का अपना आंतरिक नेट चालू रहने से कोई दिक्कत नहीं हुई।’ बैंकिंग सेवाएं बंद न होने के बावजूद बैंकों में ग्राहकों की तादाद आम दिनों के मुकाबले काफी कम रही। हालांकि पीएनबी, इलाहाबाद बैंक में कुछ देर के लिए सर्वर डाउन हुआ, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य हो गई। बैंक अधिकारियों ने बताया कि कैश की जमा और निकासी 50 फीसदी से कम रही। सबसे ज्यादा लेनदेन करने वाले व्यापारी भी बैंकों में कम आए।