बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने शैक्षिक सत्र 2019-20 की स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं की मुख्य परीक्षा के फार्म लेट फीस के साथ भरने का एक और मौका दिया है। संस्थागत और भूतपूर्व छात्रों के परीक्षा आवेदन पत्र, एकल विषय एवं विशेष अनुमोदित विषयों (खेलकूद, शारीरिक शिक्षा, पर्यावरण विज्ञान) के छात्रों के परीक्षा फार्म अब विलंब शुल्क के साथ भरे जा सकेंगे।
आवेदन पत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.mjpru.ac.in/onlineexaminationform पर उपलब्ध होंगे। छात्र निर्धारित परीक्षा शुल्क डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग आदि के माध्यम से शुल्क जमा कर सकेंगे। नए निर्देशों के तहत 500, एक हजार और डेढ़ हजार रुपये विलंब शुल्क के साथ अलग-अलग परीक्षा के फार्मों को भरने और जमा करने की तिथियां निर्धारित की गई हैं। 500 रुपये विलंब शुल्क देकर परीक्षा फार्म 20-25 दिसंबर तक भरने के साथ ही ऑनलाइन शुल्क जमा किया जा सकेगा। यह परीक्षा फार्म 26 दिसंबर तक महाविद्यालय में जमा होंगे और महाविद्यालय उन्हें अनुमोदित कर 27 दिसंबर तक जमा होंगे।
वहीं, एक हजार विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फार्म 26-30 दिसंबर तक फीस जमा करके भरे जा सकेंगे। महाविद्यालय में यह फार्म 31 दिसंबर तक जमा होंगे और महाविद्यालय इन्हें एक जनवरी तक ऑनलाइन अनुमोदित करेंगे। इसके अलावा 15 सौ विलंब शुल्क 31 दिसंबर से 04 जनवरी 2020 तक फार्म भरकर फीस जमा हो सकेगी। यह फार्म पांच जनवरी तक संबंधित महाविद्यालय में जमा होंगे और महाविद्यालय छह जनवरी तक ऑनलाइन अनुमोदित कर सात और आठ जनवरी को विश्वविद्यालय में जमा करेंगे।