डीएम ने प्राचार्य से मांगा जवाब, डॉ.
पुंडीर को प्रोटोकॉल क्यों नहीं दिया
राज्य ललित कला अकादमी के अध्यक्ष डॉ. पुंडीर ने की थी शिकायत
डीआईजी और उच्च शिक्षा अधिकारी को गुमराह करने का भी है आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। राज्य ललित कला अकादमी के अध्यक्ष डॉ. आरएस पुंडीर की शिकायत पर डीएम नितीश कुमार ने बरेली कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनुराग मोहन से जवाब मांगा है। डॉ. पुंडीर ने अपनी शिकायत में प्रोटोकॉल का पालन न करने और डीआईजी व क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी को गुमराह कर उनके कार्यक्रम में शामिल होने से रोक देने का आरोप लगाया था।
बरेली कॉलेज में राज्य ललित कला अकादमी की ओर से पिछले दिनों कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया था। प्राचार्य डॉ. अनुराग मोहन की ओर से इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डीआईजी राजेश पांडेय और विशिष्ट अतिथि के तौर पर क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश प्रकाश को आमंत्रित किया था। तनातनी तब शुरू हुई जब कला विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मंजु सिंह ने अपने पति एवं राज्य ललित कला अकादमी के अध्यक्ष डॉ. आरएस पुंडीर को बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में आमंत्रित कर दिया।
प्राचार्य डॉ. अनुराग मोहन इसके बाद न खुद इस आयोजन में गए और डीआईजी और क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी को भी कार्यक्रम के स्थगित होने की सूचना दे दी। कार्यक्रम में प्राचार्य के न पहुंचने से नाराज राज्य ललित कला अकादमी के अध्यक्ष डॉ. आरएस पुंडीर ने डीएम को पत्र लिखकर प्रोटोकॉल तोड़ने की शिकायत की। प्राचार्य पर डीआईजी और क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी को गुमराह करने का भी आरोप लगाया। डीएम ने डॉ. आरएस पुंडीर के इस पत्र को बरेली कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनुराग मोहन को भेजकर जवाब मांगा है। प्राचार्य का कहना है कि जल्द ही जवाब भेज दिया जाएगा।