बरेली। करीब चार दिनों की कवायद के बाद यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया एक बार फिर टाल दी गई। जिले के उपजिलाधिकारियों को 24 घंटे में अपनी रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया गया था लेकिन वे 72 घंटे बाद भी रिपोर्ट तैयार नहीं कर सके। करीब 10 फीसदी परीक्षा केंद्रों का सर्वे बाकी बताया जा रहा है जिसे पूरा करने के बाद अब मंगलवार शाम को डीएम की बैठक में केंद्रों पर अंतिम मुहर लगने की संभावना है।
प्रभारी डीआईओएस रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि उन्होंने अपना निरीक्षण पूरा कर रिपोर्ट तैयार कर ली है लेकिन अभी उपजिलाधिकारियों की रिपोर्ट नहीं मिल सकी है। मानकों के अनुसार केंद्रों की बिंदुवार रिपोर्ट तैयार करने में भी समय लग रहा है ताकि बाद में कोई खामी न रहे। इसलिए रिपोर्ट देने में देर हो रही है। उन्होंने मंगलवार को रिपोर्ट पर अंतिम मुहर लगने की संभावना जताई है। ब्यूरो