- उड़नदस्तों में होगा फेरबदल, परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी से मॉनिटरिंग
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने शैक्षिक सत्र 2019-20 की मुख्य परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन 25 फरवरी के आसपास परीक्षा शुरू कराने की प्लानिंग कर रहा है। शासन की सख्ती के चलते इस बार परीक्षाओं में कड़ी निगरानी रहेगी।
समय पर परीक्षा परिणाम जारी करने और आगामी शैक्षिक सत्र समय पर शुरू करने को लेकर शासन काफी गंभीर है। पिछले साल भी इस पर सख्ती रही थी, जिसके चलते विश्वविद्यालय ने अधिकांश परीक्षाओं का परिणाम एक साथ जारी किया था। इस बार भी परीक्षा कार्यक्रम समय से पूरा करने को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है। फिलहाल 25 फरवरी 2020 से परीक्षा शुरू कराने की प्लानिंग चल रही है। सूत्रों का कहना है कि पिछले दिनों उच्च शिक्षा राज्यमंत्री नीलिमा कटियार ने नकलविहीन परीक्षाओं को लेकर काफी जोर दिया था। उनकी सख्ती को देख विश्वविद्यालय प्रशासन उड़नदस्तों में भी फेरबदल की तैयारी कर रहा है। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी के जरिये ऑनलाइन निगरानी की जाएगी।
जैमर की हो रही बात लेकिन इंतजाम मुश्किल
यूजीसी की गाइडलाइंस के मुताबिक परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए परीक्षा केंद्रों पर जैमर का इंतजाम होना चाहिए। विश्वविद्यालय प्रशासन इसको लेकर प्रयासरत है लेकिन यह व्यवस्था अभी प्रभावी होती नजर नहीं आ रही है।