बरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से बोर्ड परीक्षा 2020 के लिए 134 केंद्रों की जारी सूची से अब कई कॉलेज बाहर हो सकते हैं। मानकों के अनुसार परीक्षा केंद्रों पर कक्ष के दोनों साइड में सीसीटीवी कैमरे, वायस रिकॉर्डर, राउटर, ब्रॉडबैंड कनेक्शन, फर्नीचर आदि की सुविधा होनी चाहिए जबकि अधिकतर कॉलेजों में राउटर और नेट कनेक्शन है ही नहीं। अब तहसीलवार छह टीमें बनाकर 19 नवंबर तक जांच रिपोर्ट मांगी गई है। अगर मानक पूरे नहीं मिले तो इन कॉलेजों को पत्ता कटना तय है।
परिषद से जारी 134 केंद्रों की सूची पर 76 आपत्तियां आई हैं। कुछ कॉलेजों ने आवंटन कम करने, कुछ ने केंद्र बनाने तो कुछ ने ज्यादा दूर केंद्र बनाए जाने पर आपत्ति की। इसके अलावा कॉलेजों ने सुविधाओं का ऑनलाइन ब्योरा अपलोड किया था जिसकी सच्चाई अब देखी जाएगी। राजकीय कॉलेजों के प्रधानाचार्यों की टीमें लगाकर 19 नवंबर तक रिपोर्ट मांगी गई है। डीआईओएस मनभरन राम राजभर ने बताया कि मानकों की जांच कराई जाएगी। अगर किसी केंद्र पर मानक पूरे नहीं मिले तो उसे सूची से हटाने की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट जिला समिति को भेज दी जाएगी। चार दिन बाद पता चलेगा कि किन केंद्रों पर क्या खामियां हैं।