सेमेस्टर एवं प्रोफेशनल कोर्स में 37
हजार भरे फार्म, परीक्षा नवंबर में
- रुहेलखंड विश्वविद्यालय में शुक्रवार को विषम सेमेस्टर की मुख्य परीक्षा के फार्म भरने का था अंतिम
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में विषम सेमेस्टर वाले छात्र-छात्राओं के लिए परीक्षा फार्म भरने का शुक्रवार को अंतिम दिन था। अब तक 37500 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा फार्म भरे हैं। नवंबर से इनकी परीक्षाएं शुरू होने की संभावना है।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय कैंपस और उससे संबद्ध 550 से अधिक कॉलेजों में शैक्षिक सत्र 2019-20 में सेमेस्टर एवं प्रोफेशनल कोर्स के लिए ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया 13 सितंबर से शुरू हुई थी। इसके तहत विषम सेमेस्टर वाले एलएलबी (थ्री ईयर, फाइव ईयर), बीएससी कृषि, बीकॉम वित्त एवं वित्तीय सेवाएं, बीबीए, बीसीए, पीजीडीसीए, एमएसडब्ल्यू, बीलिब, एमलिब के विषम सेमेस्टर एक, तीन, पांच, सात और नौ के छात्र-छात्राओं के फार्म भरे जाने थे। शुक्रवार को इसकी अंतिम तिथि थी। शाम सात बजे तक 37500 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में शामिल होने के लिए अपने फार्म भर दिए हैं। नवंबर में इन कोर्स की परीक्षाएं शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।