बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में मुख्य परीक्षा के फार्म भरने का काम बहुत धीमी गति से चल रहा है। रविवार 13 अक्तूबर को फार्म भरने की अंतिम तिथि है, लेकिन अब तक सिर्फ 35 हजार फार्म ही भरे जा सके हैं। अगर विश्वविद्यालय ने यह तिथि आगे नहीं बढ़ाई तो इस सत्र में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं परीक्षा से वंचित रह जाएंगे।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय कैंपस और उससे संबद्ध कॉलेजों में शैक्षिक सत्र 2019-20 के लिए 13 सितंबर को ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। इस दौरान बरेली, मुरादाबाद मंडल के 550 से अधिक कॉलेजों में संचालित एलएलबी (थ्री ईयर, फाइव ईयर), बीएसी कृषि, बीकॉम वित्त एवं वित्तीय सेवाएं, बीबीए, बीसीए, पीजीडीसीए, एमएसडब्ल्यू, बीलिब, एमलिब के विषम सेमेस्टर एक, तीन, पांच, सात और नौ के छात्र-छात्राओं को फार्म भरना था। विश्वविद्यालय ने पहले फार्म भरने की अंतिम तिथि 29 सितंबर निर्धारित की थी, फिर इसे बढ़ाकर 13 अक्तूबर कर दिया गया। रविवार को इसकी अंतिम तिथि है, लेकिन शनिवार शाम सात बजे तक 35,668 फार्म ही भरे जा सके हैं। जबकि विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में छात्र-छात्राओं की संख्या पांच लाख से अधिक है। कहा जा रहा है कि अगर विश्वविद्यालय ने यह तिथि आगे नहीं बढ़ाई तो लाखों छात्र-छात्राओं का साल बर्बाद हो जाएगा।