बरेली। एलएलबी में फर्जी सर्टिफिकेट से हुए तीनों एडमिशन निरस्त होने के बाद बरेली कॉलेज में हड़कंप मचा है। सामने आया है कि इनमें से एक छात्र समाजवादी छात्रसभा का पूर्व पदाधिकारी भी है। शुक्रवार को पूरे दिन तीनों छात्र कॉलेज में अपना एडमिशन बचाने की जुगाड़ में कॉलेज में चक्कर काटते रहे। उनका कहना था कि जांच पूरी होने के बाद ही उनके एडमिशन निरस्त हों।
बता दें कि मुख्य प्रवेश समन्वयक डॉ. अनुराग मोहन की जांच में मेडिकल सर्टिफिकेट लगाकर शैलेष भास्कर, सुभाष राय और गिरजेश कुमार के एडमिशन लेने की बात सामने आई थी। लंबे समय तक चले टालमटोल के बाद बृहस्पतिवार को प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा ने इन तीनों छात्रों के एडमिशन निरस्त कर दिए थे। शुक्रवार को सामने आया कि छात्र राजनीति में सक्रि य शैलेष भास्कर समाजवादी छात्रसभा का पूर्व पदाधिकारी भी रहा है। वहीं, शुक्रवार को तीनों ही छात्र मुख्य प्रवेश नियंत्रक डॉ. अनुराग मोहन के पास पहुंचे और अपने एडमिशन निरस्त करने को लेकर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि अभी खेल प्रमाणपत्रों की जांच लंबित है, ऐसे में जांच पूरी होने के बाद ही उनके एडमिशन निरस्त किए जाएं। डॉ. अनुराग मोहन ने उनकी किसी भी तरह की मदद से साफ इनकार कर दिया।