बरेली। लंबे समय तक टालमटोल के बाद बरेली कॉलेज प्रशासन ने बृहस्पतिवार को फर्जी मेडिकल सर्टिफिकेट से एलएलबी में लिए गए तीनों एडमिशन निरस्त कर दिए हैं। प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा ने यह कार्रवाई तीन सदस्यीय जांच कमेटी की संस्तुति के बाद की है।
बरेली कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया के दौरान ‘अमर उजाला’ ने एलएलबी में दिव्यांग होने का फर्जी मेडिकल सर्टिफिकेट लगाकर एडमिशन लेने के मामले का खुलासा किया था। इस पर प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा ने एडमिशन के लिए लगाए 30 मेडिकल सर्टिफिकेट जांच को सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ला के पास भेजे थे, जिनमें से नौ सर्टिफिकेट फर्जी साबित हुए।
मुख्य प्रवेश समन्वयक डॉ. अनुराग मोहन की जांच में इनमें से तीन सर्टिफिकेट लगाकर शैलेष भास्कर, सुभाष राय और गिरजेश कुमार के एडमिशन लेने की बात भी साबित हो गई। मगर एडमिशन निरस्त करने की बात आई तो प्राचार्य डॉ. अजय शर्मा और मुख्य प्रवेश नियंत्रक डॉ. अनुराग मोहन इसे एक-दूसरे का कार्यक्षेत्र बताते हुए टालमटोल करने लगे। इसी बीच मामले की शिकायत राजभवन तक पहुंची और वहां से भी कार्रवाई के निर्देश जारी हो गए। कुलपति प्रो. अनिल शुक्ला ने भी इस मामले को लेकर नाराजगी जताई तो प्राचार्य ने कार्रवाई की संस्तुति के लिए डॉ. पूर्णिमा अनिल, डॉ. अनुराग मोहन और डॉ. संजीव सक्सेना की कमेटी गठित कर दी। इस कमेटी ने बृहस्पतिवार को बैठक कर सारे तथ्यों की जांच पड़ताल की और एडमिशन निरस्त करने की संस्तुति कर दी। इस पर एक्शन लेते हुए प्राचार्य ने शैलेष भास्कर, सुभाष राय और गिरजेश कुमार के एडमिशन निरस्त कर दिए हैं।
अब खेल सर्टिफिकेट की जांच बनी फुटबाल
बरेली कॉलेज में ही एडमिशन लेने को लगाए गए कई खेल सर्टिफिकेट भी जांच के घेरे में हैं, लेकिन इनकी जांच फुटबाल बन गई है। प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा ने पहले यह सर्टिफिकेट जांच के लिए क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी को भेजे थे, लेकिन उन्होंने संबंधित खेल संघों को भेजने की बात कहकर सर्टिफिकेट लौटा दिए। इसके बाद प्राचार्य विश्वविद्यालीय खेल प्रतियोगिताओं के तमाम सर्टिफिकेट रुहेलखंड विश्वविद्यालय के क्रीड़ा सचिव प्रो. एके जैतली को जांच के लिए भेज दिए। उन्होंने भी यह सर्टिफिकेट बरेली कॉलेज को लौटा दिए हैं और प्राचार्य से संबंधित खेल संघ को भेजने के लिए कहा है। इस वजह इन खेल सर्टिफिकेट की जांच भी लटकी हुई है, फर्जी साबित होने पर कई एडमिशन निरस्त होने का सबब बन सकते हैं।
जांच कमेटी की संस्तुति के बाद फर्जी मेडिकल सर्टिफिकेट लगाकर लिए गए एलएलबी के तीनों एडमिशन निरस्त कर दिए गए हैं। शुक्रवार को इन छात्रों को नोटिस देकर सूचना भेज दी जाएगी।
- डॉ. अजय कुमार शर्मा, प्राचार्य, बरेली कॉलेज