बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में बीटेक थर्ड ईयर के छात्रों ने एमबीए फर्स्ट ईयर छात्रों को रोककर नाम-पता पूछा और रैगिंग की। छात्राें की शिकायत पर चीफ वार्डेन प्रोफेसर एके जैतली ने आरोपी छात्रों को हॉस्टल से निष्कासित कर दिया है। साथ ही डीन इंजीनियरिंग प्रोफेसर एसके पांडेय को पत्र लिखकर उन्हें चार दिन के लिए कक्षा से निष्कासित कर जांच करने को कहा है। इस घटना के बाद विश्वविद्यालय में छात्रों के बीच हड़कंप मचा है।
सोमवार दोपहर करीब तीन बजे पीजी हॉस्टल में रहने वाले एमबीए प्रथम वर्ष के तीन छात्र चीफ वार्डेन प्रो. एके जैतली के पास पहुंचे। छात्रों ने बताया कि कैंपस में दोपहर करीब दो बजे मेन हॉस्टल में रहने वाले बीटेक थर्ड ईयर के तीन छात्र रतन गुप्ता, आदर्श और आयुष ने खुद को सीनियर बताते हुए उन्हें रोक लिया। उन्होंने नाम-पता पूछा और रैगिंग करते हुए कि वे लोग यूनिवर्सिटी में पढ़ रहे हैं, उनका सम्मान किया करो। साथ ही मौखिक शिकायत में यह भी कहा कि वे छात्र कैंपस में जब भी उन्हें मिलते हैं, अक्सर घूरकर देखते हैं। इस वजह से वे लोग डरे हुए हैं और पहले भी उन्हें रोककर परेशान किया जा चुका है। प्रो. जैतली ने छात्रों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए रतन गुप्ता, आदर्श और आयुष को तत्काल हॉस्टल से निष्कासित कर दिया। साथ ही डीन आईटी को पत्र लिखकर चार दिन में मामले की जांच करने और तब तक उन्हें कक्षा से निष्कासित करने को कहा है।
नेताओं को हड़काकर भगाया
हॉस्टल से निष्कासन की सूचना पर बीटेक के छात्रों के पक्ष में कुछ छात्रनेता सिफारिश लेकर प्रो. जैतली के पास पहुंचे। मगर उन्होंने किसी की सिफारिश नहीं मानी और निष्कासन बरकरार रखा। अब उनके परिजन को बुलाकर घटना की जानकारी दी जाएगी।
पहले भी कर चुके हैं परेशान
बताया जाता है कि एमबीए के इन छात्रों को बीटेक के छात्र पहले भी परेशान कर चुके हैं। पहले भी उन्हें रोककर नाम-पता पूछने और सीनियर कहने की घटनाएं हुई हैं। इस पर चीफ वार्डेन बीटेक के छात्रों को जूनियर्स के हॉस्टल के आसपास न जाने की चेतावनी भी दे चुके थे। मगर इसके बाद भी मामला शांत नहीं हुआ तो सोमवार को सख्ती दिखाते हुए उन्होंने निष्कासन कर दिया।
एलआईयू तक पहुंची सूचना
रैगिंग और हॉस्टल से छात्रों के निष्कासन की सूचना एलआईयू तक भी पहुंच गई। इस पर एलआईयू के अधिकारियों ने विश्वविद्यालय में फोन करके घटना की जानकारी ली है।
एमबीए फर्स्ट ईयर के छात्रों ने रैगिंग की शिकायत की थी। उसके आधार पर बीटेक थर्ड ईयर के तीन छात्रों को हॉस्टल से निष्कासित कर दिया गया है। डीन आईटी को उनकी जांच कर चार दिन तक कक्षा से सस्पेंड करने को भी पत्र लिखा है।
- प्रो. एके जैतली, चीफ वार्डेन