बरेली। बरेली कॉलेज में एलएलबी में फर्जी मेडिकल सर्टिफिकेट लगाकर एडमिशन लेने के मामले में अब तक कोई कार्रवाई न होने का मामला राजभवन पहुंच गया है। छात्रनेता इमरान अंसारी की शिकायत पर राजभवन के अपर मुख्य सचिव हेमंत राव ने रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अनिल शुक्ल को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बरेली कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया के दौरान ही एलएलबी में गड़बड़ी के आरोप लगे थे। इसके बाद फर्जी सर्टिफिकेट लगाकर भारांक हासिल करने की शिकायतें सामने आईं तो इसकी जांच शुरू कराई गई। जांच में एलएलबी में फर्जी मेडिकल सर्टिफिकेट से तीन एडमिशन लेने की पुष्टि भी हो चुकी है। एनसीसी, खेलकूद और एनएसएस के सैकड़ों अन्य प्रमाणपत्रों की जांच अभी जारी है, लेकिन कॉलेज प्रशासन ने पुष्टि के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। इसी बीच छात्रनेता इमरान अंसारी ने एलएलबी की प्रवेश प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए राजभवन में शिकायत की तो अपर मुख्य सचिव हेमंत राव ने रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अनिल शुक्ल को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कुलपति ने बरेली कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा को पत्र लिखकर एडमिशन निरस्त न करने का कारण पूछा है और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।