बरेली। बरेली कॉलेज के गणित विभाग में शिक्षिका के उत्पीड़न मामले में कॉलेज प्रशासन की कार्यशैली ही सवालों के घेरे में आ गई है। कॉलेज में महिला उत्पीड़न कमेटी गठित है, लेकिन न तो इस कमेटी से जांच कराई गई और न ही इसकी अध्यक्ष को इसमें शामिल किया गया है। वहीं जांच से इनकार करने वाली तीन शिक्षिकाओं को नोटिस जारी कर जांच से इनकार करने के मामले में जवाब मांगने की तैयारी है। साथ ही इस कमेटी में बृहस्पतिवार को एक अन्य शिक्षिका को जोड़ दिया गया है।
बीते कई दिनों से बरेली कॉलेज के गणित विभाग में खासा घमासान मचा हुआ था। विभाग में कार्यरत एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. आरिफ नदीम ने छुट्टी का प्रार्थनापत्र प्राचार्य तक न पहुंचाने को लेकर चपरासी को खरीखोटी सुनाई थी। साथ ही विभागाध्यक्ष डॉ. स्वदेश सिंह को भी निशाने पर लिया था। इस पर विभाग में ही कार्यरत डॉ. स्वदेश सिंह की पत्नी एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पूनम सिंह ने उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा से शिकायत की थी। इसकी जांच कमेटी बना दी, जिसमें विधि के विभागाध्यक्ष डॉ. नसीम अख्तर को संयोजक और डॉ. शुभ्रा कटारा, डॉ. नवनीत कौर, डॉ. वंदना शर्मा व डॉ. सुषमा गौंडियाल को सदस्य बनाया गया। मगर डॉ. शुभ्रा कटारा, डॉ. नवनीत कौर और डॉ. सुषमा गौंडियाल ने जांच से मना कर दिया। इससे जांच कमेटी के अस्तित्व पर ही सवाल खड़ा हो गया। इस पर बृहस्पतिवार को प्राचार्य ने इस कमेटी में डॉ. अनीता सिंह को जोड़ा है। मगर डॉ. अनीता सिंह का कहना है कि उन्हें तो अभी इसकी जानकारी ही नहीं है और न ही कोई पत्र मिला है। वहीं, दूसरी महिला उत्पीड़न से जुड़े इस मामले की जांच इसके लिए गठित कमेटी से न कराने पर भी सवाल उठ रहे हैं। इस कमेटी में अध्यक्ष डॉ. मंजू सिंह का कहना है कि उन्हें महिला उत्पीड़न कमेटी का अध्यक्ष बनाने संबंधी कोई आदेश आज तक नहीं मिला है।
जांच से किया मना, देना होगा जवाब
प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा ने बताया कि जांच से मना करने वाली तीनों एसोसिएट प्रोफेसर को नोटिस जारी कर उनसे कारण पूछा जाएगा कि उन्होंने मना क्यों किया? ऐसे तो कॉलेज में कोई कार्य ही नहीं हो सकेगा। सीनियर-जूनियर होगा अलग बात है, लेकिन जांच से इनकार नहीं किया जा सकता। वहीं यह जांच महिला उत्पीड़न कमेटी से न कराने के सवाल पर उनका कहना है कि यह शिक्षिकाएं महिला उत्पीड़न कमेटी की सदस्य हैं, इसलिए डॉ. मंजू सिंह को इस कमेटी में नहीं लिया गया।