बरेली। डीपीएस में फीस को लेकर दो दिन तक गरमाया रहा मामला बुधवार को शांत हो गया। बुधवार को बच्चा भी स्कूल पहुंच गया और फिर उसकी मां ने भी कोई शिकायत नहीं की। बताया जाता है कि स्कूल ने बच्चे की मां को सहूलियत के अनुसार फीस जमा करने की राहत दे दी है।
सोमवार को डीपीएस में कक्षा चार के बच्चे को फीस बकाया के चलते स्कूल आने से रोक दिया गया था। इसके बाद मां ने बच्चे के साथ काफी देर तक स्कूल गेट पर धरना दिया और फिर उनकी सूचना पर अभिभावक संघ के अध्यक्ष अंकुर सक्सेना एवं अन्य लोग स्कूल पहुंचे थे। उन लोगों ने बीच में पड़कर मामला रफा-दफा कराया था। इस मामले में स्कूल के प्रधानाचार्य वेदप्रकाश मिश्रा ने बताया था कि बच्चे पर 37-38 हजार रुपये फीस बकाया है तो मंगलवार को बच्चे की मां ने मीडिया को फीस जमा होने के सबूत सौंपे। साथ ही उन्होंने प्रतिष्ठा धूमिल करने की बात कहकर डीएम से शिकायत करने की बात कही थी। मगर बुधवार को उन्होंने कोई शिकायत नहीं की। बताया जाता है कि उनका बेटा भी बुधवार को स्कूल पहुंचा तो उससेे भी कोई शिकायत नहीं की गई। वहीं, मां को उनके मुताबिक ही फीस जमा करने की सहूलियत दे दी गई है।