बरेली। पिछले वर्ष सम्मान समारोहों में चेक से हुए भुगतान में चेक बाउंस होने की घटनाओं से प्रदेश सरकार की खासी फजीहत हो चुकी है। लिहाजा अबकी बार चेक बाउंस होने की किरकिरी से बचने के लिए प्रमुख सचिव ने सूबे के सभी संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) को मेधावियों को दिए गए चेक के भुगतान की प्रगति रिपोर्ट मांगी है। जेडी ने डीआईओएस से रिपोर्ट तलब कर मंगलवार को रिपोर्ट भेजने की बात कही है।
पिछले दिनों लखनऊ में मुख्यमंत्री मेधावी सम्मान से मंडल के 85 मेधावियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया था। सम्मान के दौरान मेधावियों को 21 हजार रुपये का चेक और लैपटॉप प्रदान किया गया था। मामले पर अब प्रमुख सचिव ने चेक के भुगतान में आने वाली समस्या संबंधी जानकारी संयुक्त शिक्षा निदेशक से मांगी है। जेडी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि आदेश मिलते ही बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत के डीआईओएस को मंगलवार सुबह तक प्रत्येक दशा में रिपोर्ट देेने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि संभावना जताई है कि मंडल में चेक भुगतान में कोई समस्या नहीं हुई है। बता दें कि बरेली के 21, शाहजहांपुर के 22, बदायूं के 21, पीलीभीत के 21 मेधावियों को मुख्यमंत्री ने सम्मान से नवाजा है।